कोलकाता में डॉक्टरों पर हाल में हुए हमलों और मॉडल उशोषी सेनगुप्ता के साथ अपने समुदाय के कुछ सदस्यों द्वारा छेड़छाड़ के बाद मुसलमानों के एक संगठन ने अपने ही समुदाय के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संगठन ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा है। संगठन का उद्देश्य इस धारणा को गलत साबित करना है कि मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए दोषियों को बचाया जा रहा है।
हम हाल में हुई दो घटनाओं को लेकर बेहद चिंतित हैं। दोनों मामलों में हमलावर हमारे समुदाय से थे। हम व्यथित और शर्मिंदा हैं।
कोलकाता के मुसलमानों में बड़ी पहचान रखने वाले करीब 46 लोगों ने कहा कि सिर्फ इन दो मामलों में ही नहीं, बल्कि जितने भी मामलों में मुसलमान शामिल हों, उन सब पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्हें सिर्फ इसलिए नहीं बख्शा जाना चाहिए क्योंकि वे मुसलमान हैं। इससे यह संदेश जाएगा कि किसी समुदाय के सदस्यों को न तो बचाया जा रहा है और ना ही उनका तुष्टिकरण किया जा रहा है।