शिवसेना को ‘हिंदुत्व’ की विचारधारा के लिए पहचाना जाता है मगर उन्होंने शहर के दो मुस्लिम इलाकों में ऐसी पैठ बना ली है कि यहां से जीते उम्मीदवारों ने इस भगवा पार्टी को मुस्लिम समुदाय का ‘सच्चा हितैषी’ करार दिया है।
शिवसेना मुंबई नगर निकाय चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी का तमगा बरकरार रखते हुए 84 सीटें जीती है। पार्टी ने पांच मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया था, जिसमें से एक बांद्रा इलाके के बेहरामपाड़ा से और दूसरे उपनगरीय अमबोली और जोगेश्वरी का प्रतिनिधित्व करने वाले एक वार्ड से जीते हैं।
बांद्रा (पूर्व) के बहरमपाड़ा के वार्ड संख्या 96 से जीते 35 वर्षीय शिवसेना प्रत्याशी हाजी हलीम खान ने आरोप लगाया कि कुछ तबकों ने पार्टी को मुस्लिम विरोधी के तौर पर पेश करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि शिवसेना को मुस्लिम विरोधी है कहना बकवास है और उसे मुस्लिम विरोधी के तौर पर एक खास तबके ने जानबूझकर पेश किया है। शिवसेना ने हमेशा हमारी समस्याओं का समाधान किया है इसलिए वे हमारे सच्चे हमदर्द हैं।