एक तरफ देश कोरोना जैसी घातक बीमारी से लड़ाई लड़ रहा है तो वहीं कुछ लोग इसका फायदा उठा गलत काम करने से नहीं चूक रहे। मामला महाराष्ट्र का है जहां पिंपरी-चिंचवड में पुलिस ने एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जो मरीजों की मजबूरियों का फायदा उठाकर अपनी जेब भर रहा था।
ये बिल्कुल उसी तरह है जैसे संजय दत्त को मुन्नाभाई एमबीबीएस में दिखाया गया था। ये मुन्नाभाई एमबीबीएस भी मात्र 10वीं पास है। लेकिन वह डॉक्टर बन गया और लोगों को ठगने का काम करने लगा।
पुलिस कमिश्नर कृष्णप्रकाश ने बताया कि खुद को डॉक्टर बताने वाले व्यक्ति का नाम अक्षय नेहरकर है। उसके पास अस्पतालों में नौकरी करने के लिए ना तो कोई मेडिकल की डिग्री है और ना तो कोई शैक्षिक योग्यता है।
जब इसकी फर्जी डॉक्टर होने की पोल तब खुली जब उसने एक बड़े निजी मेडिकल इंश्योरेंस कंपनी में कंसल्टेंट के पद पर नौकरी प्राप्त करने के लिए अपने जरूरी कागजात उस कंपनी को पेश किए। जांच में मुन्नाभाई अक्षय की पूरी पोल खुल गई।
इंश्योरेंस कंपनी ने जांच में पाया कि अक्षय के सारे कागजात फर्जी हैं। इस मामले को लेकर कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी विशाल काटकर ने आपत्ति जताते हुए पुलिस में अक्षय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
वहीं पुलिस ने बताया कि इस दौरान उसकी वजह से किसी की मौत हुई होगी तो मुन्नाभाई अक्षय के खिलाफ और गंभीर रूप की धाराएं दर्ज कराई जाएंगी। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्य जुटा रही है।