मुंबई ट्रैफिक पुलिस के एक डीसीपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों पर नजर रखने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। डीसीपी सौरभ तिवारी ने कथित तौर पर पुलिस वालों को ड्यूटी पर दिन में पांच बार सेल्फी लेने के लिए कहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सौरभ जीपीएस सिस्टम पर विश्वास नहीं करते हैं, लेकिन उनका मानना है कि सेल्फी भेजने से पुलिस वाले की सही लोकेशन का पता चल पाएगा।
पुलिस वालों को ये सेल्फीं बनाए गए ऑफिसियल व्हाट्सऐप ग्रुप पर भेजनी होंगी। बता दें कि पूर्व उपनगरों और मुलुंड, चेंबूर, ट्रॉम्बे, घाटकोपर, साकिनका, विक्रोली, कुर्ला, माटुंगा और बीकेसी जैसे क्षेत्रों के प्रभारी डॉ. सौरभ त्रिपाठी पुलिस वालों के वायरलेस डिवाइसेस में भी गड़बड़ महसूस करते हैं।
एक सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि उन्हें सुबह 9, 11 और दोपहर 1-2 बजे के बीच में सेल्फी भेजनी होगी। बाद में शाम 5 से 8 बजे के बीच में भी यहीं करना होगा। एक इंस्पेक्टर ने नाम छुपाते हुए डीसीपी के नए नियम पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि वे स्मार्ट फोन का इस्तेमाल करना नहीं जानते हैं, ऐसे में सेल्फी भेजना आसान नहीं होगा।
दरअसल, कुछ अफसरों ने भी माना है कि पुलिस वाले वायरलेस सिस्टम पर अपनी लोकेशन बताने में हेर-फेर करते हैं। कुछ ड्यूटी पर नहीं होते, फिर भी कहते हैं कि वे पहुंच गए हैं, और तो और कुछ तो बोलते हैं कि हम बस पहुंचने वाले हैं। अब ये बदलाव सभी को मानना होगा।