मुंबई में गैस लीक (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शनिवार रात एक फार्मा कंपनी में गैस लीक होने की सूचना से हड़कंप मच गया। गैस लीक की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि मुंबई के दमकल विभाग ने दावा किया है कि गैस रिसाव की सूचना में कोई सच्चाई नहीं है। वहीं इससे पहले बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने कहा था कि उसने गैस लैक की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर एहतियातन भेजी दी थीं।
मुंबई के दमकल विभाग का दावा
मुंबई के दमकल विभाग ने दावा किया है कि गैस रिसाव की कोई भी सूचना सच नहीं है। विभाग की ओर से कहा गया है कि जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विभाग के कर्मचारियों को कहीं कोई गैस लीकेज नहीं मिला। इस संबंध में पवई और अंधेरी से भी शिकायती कॉल आए थे। दमकल की 17 गाड़ियों को लीकेज खोजने के लिए लगाया गया था। साथ ही अन्य वाहन आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखे गए थे।
दकमल विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि इन शिकायतों के संबंध में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल), राष्ट्रीय रसायन एवं उर्वरक (आरसीएफ) और पुलिस को सूचित किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से इस संबंध में जांच की जा रही है।
इससे पहले बीएमसी ने जानकारी दी थी कि स्थिति नियंत्रण में है। सभी आवश्यक संसाधन जुटा लिए गए हैं। गंध की उत्पत्ति की जांच की जा रही है। सार्वजनिक घोषणा प्रणाली से लैस दमकल की 17 गाड़ियां आवश्यकता पड़ने पर प्रतिक्रिया के लिए तैयार हैं।
जानकारी मिली थी कि चेंबूर इलाके की एक फार्मा कंपनी में गैस लीक की घटना हुई है। बीएमसी ने भी ट्वीट कर जानकारी दी थी कि चेंबूर, घाटकोपर, कांजुरमार्ग, विक्रोली और पवई में रहने वाले लोगों ने गैस लीक होने की शिकायत की है।
गैस रिसाव की शिकायतें मिलने के बाद जांच के लिए दमकल विभाग की गाड़ियों को संबंधित इलाकों में भेजा गया था। बीएमसी ने कहा था कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया गया। साथ ही बीएमसी ने लोगों से अपील भी की कि घबराएं नहीं। किसी तरह की दुर्गंधयुक्त महसूस होने पर भीगा तौलिया या अन्य किसी गीले कपड़े से अपनी नाक-मुंह ढंक कर रखें।