महाराष्ट्र में पुणे रेलवे स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का एक कोच पटरी से उतर गया। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।
मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को पुणे रेलवे स्टेशन पर प्रवेश के दौरान पटरी से उतर गई। ट्रेन की रफ्तार कम होने से बड़ा हादसा टल गया। किसी के गंभीर घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे घटी। हादसे के समय मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से दक्षिण-पश्चिम महाराष्ट्र के सोलापुर जा रही प्रीमियम एसी ट्रेन (नंबर 22225) एक प्लेटफॉर्म के पास से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के एक कोच का एक पहिया डायमंड क्रॉसिंग पर पटरी से उतर गया। क्रॉसिंग को प्राथमिकता के आधार पर बदला जा रहा है। इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
प्रभावित कोच के यात्रियों को अपना सामान लिए हुए ट्रेन से उतरकर नजदीकी प्लेटफॉर्म की ओर चलते हुए देखा गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुणे स्टेशन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के तहत इस क्रॉसिंग को अपग्रेड किया जाना है। डायमंड क्रॉसिंग एक ऐसा रेलवे जंक्शन है जहां दो ट्रैक एक ही स्तर पर एक-दूसरे को काटते हैं, जिससे एक हीरे के आकार का लेआउट बनता है।