महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की पुलिस अक्सर लोगों को जागरूक करने के लिए थोड़े अलग और मजेदार तरीके अपनाने के लिए जानी जाती है। मुंबई पुलिस ने रोड सेफ्टी से लेकर कोरोना वायरस से बचाव संबंधी दिशानिर्देश पालन कराने तक के लिए बड़े ही क्रिएटिव तरीके अपनाए हैं। मुंबई पुलिस का ऐसा ही एक संदेश आज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
मुंबई पुलिस ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 1990 में आई अमिताभ बच्चन की मशहूर फिल्म अग्निपथ के एक सीन का वीडियो शेयर किया। इस पोस्ट के जरिये लोगों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए हाथ धोने के लिए जागरूक करने की कोशिश की गई है। इस वीडियो क्लिप के साथ मुंबई पुलिस ने कैप्शन दिया है- ''क्या आपने कभी जानने की कोशिश की कि मां को क्या पसंद है?''
अपने हाथों को धो लें, कोरोना को दूर करें
वीडियो में नजर आता है कि जब अमिताभ बच्चन खाना खाना शुरू करने वाला होते हैं, तो उन्हें रोहिणी हट्टंगडी से डांट पड़ती है, जो फिल्म में उनकी मां का किरदार निभा रही हैं। वह उन्हें खाने से पहले हाथ धोने के लिए कहती हैं। यह वीडियो ''अपने हाथों को धो लें, कोरोना को दूर करें''... के संदेश के साथ समाप्त होता है। इस सीन में अमिताभ बच्चन के साथ अभिनेत्री रोहिणी हट्टंगड़ी और नीलम कोठारी भी नजर आ रही हैं। वीडियो में तीनों कलाकार खाने के समय हाथ धोने के बारे में बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ
मुंबई पुलिस की कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में हाथ धोने के लिए लोगों को जागरूक करने वाली इस पोस्ट को लोगों ने खूब पसंद किया है। इसे सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। यूजर्स मुंबई पुलिस की जमकर वाहवाही कर रही है। लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि हां मां हमेशा सही होती हैं। वहीं एक अन्य ने लिखा- काफी क्रिएटिव है।