मुंबई के कमला मिल फायर मामले के बाद चौतरफा घिरी महाराष्ट्र सरकार ने एक के बाद एक कई कड़े फैसले लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कड़ी में बीएमसी ने मोजो पब और पब के पास स्थित रेस्तरां के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। यह शिकायत मुंबई स्थित एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।
मुंबई पुलिस ने बीएमसी की शिकायत के आधार पर कमला मिल कंपाउंड स्थित मोजोस ब्रिस्ट्रो पब और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
वहीं पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ लुक आउट नोटिस पहले ही जारी कर चुकी है। दूसरी तरफ मुंबई बीएमसी ने लोअर परेल में रघुवंसी मिल कंपाउंड में अवैध रूप से बनायी गईं इमारतों पर बुलडोजर चला दिया है।
बीएमसी ने कमला मिल एरिया में भी बुलडोजर चलाया है। बीएमसी के एडीशनल म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि जांच जारी है। हम उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं जिन लोगों ने नियम तोड़े हैं।
आपको बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के कमला मिल कंपाउंड स्थित मोजोस ब्रिस्ट्रो पब में आग लग गई थी जिसमें कई परिवारों की खुशियां जलकर राख हो गईं थीं। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई जिसमें 11 महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
#Mumbai Police registers second FIR in #KamalaMillsFire tragedy. This FIR is based on BMC's complaint for several violations by Kamla Mills Owners and others for Monopolies and Restrictive Trade Practices violation— ANI (@ANI) December 30, 2017
पढ़ें: गुजरात की रूपाणी सरकार से नाराज डिप्टी सीएम नितिन पटेल, इस्तीफे की दी धमकी: सूत्र
मुंबई में एक महीने के दौरान आग में जलने की यह दूसरी घटना है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि इस मामले में बीएमसी के पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है। वहीं, मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अजॉय मेहता को मामले की जांच का आदेश दिया गया।
बीएमसी आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक लोअर परेल स्थित कमला मिल कंपाउंड के ट्रेड हाउस इमारत में बृहस्पतिवार की आधी रात के बाद आग लगी। इमारत के टेरिस पर बांस और प्लास्टिक का छप्पर होने के कारण आग की लपटें तेज हो गई। देखते ही देखते बगल के मोजोस ब्रिस्टो पब भी आग के घेरे में आ गया।
जिस समय आग लगी उस दौरान पब में 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। वहीं, रेस्तरां में जन्मदिन की पार्टी भी चल रही थी। आग की लपटों के तेज होने पर कुछ लोग जान बचाकर भागने में सफल रहे जबकि कुछ लोग टॉयलेट में घुस गए जहां कई लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
पढ़ें: लश्कर आतंकी हमजा का दावा- ISI ने रची थी जाधव की मां-पत्नी के अपमान की साजिश
कमला मिल कंपाउंड में मराठी और अंग्रेजी न्यूज चैनल के अलावा प्राईवेट कंपनियों के दफ्तर भी है। इसलिए इस इलाके में देर रात तक चहल पहल रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें कई अन्य दफ्तरों तक भी पहुंची लेकिन, दमकल विभाग के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई। आग में बुरी तरह झुलसे 12 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें दो की हालत गंभीर है।