मुंबई पुलिस ने नशे के सौदागरों की नींद उड़ा दी है! शहर में ड्रग्स का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस ने ऐसा जबरदस्त डंडा चलाया है कि अपराधियों में हड़कंप मच गया है। हाल ही में 14 और 15 अक्तूबर को मुंबई पुलिस ने दो दिन का एक विशेष अभियान चलाया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने कुल 15 करोड़ 87 लाख रुपये की खतरनाक ड्रग्स जब्त की है।
क्या-क्या पकड़ा गया?
पुलिस ने शहर के अलग-अलग कोनों से करीब 46 किलो ड्रग्स बरामद की। इसमें गांजा, एमडी ड्रग, ब्राउन शुगर, चरस, कोकीन और एलएसडी जैसी चीजें शामिल हैं। इसके अलावा कफ सिरप की 9,540 बोतलें और 9 लाख रुपये से ज्यादा का कैश भी हाथ लगा है।
पुराने क्रिमिनल पर कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन एक साथ
पुलिस सिर्फ नया माल ही नहीं पकड़ रही थी, बल्कि पुराने मामलों में फरार चल रहे 21 बदमाशों को भी दबोच लिया। वहीं, कोर्ट के आदेश पर 40 लोगों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी निकाले गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि पुलिस ने एक शातिर ड्रग्स गैंग का पर्दाफाश किया, जिसके पांच सदस्यों पर 'मकोका' जैसा सबसे सख्त कानून लगाया गया है, ताकि ये आसानी से जेल से बाहर न आ सकें।
नशे के इस काले कारोबार पर चोट करने के लिए पुलिस ने बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया। ड्रग्स बेचने वालों के 20 अवैध मकानों और ढांचों को ढहा दिया गया। साथ ही, नशे के अड्डे बनीं 145 पान की दुकानों को भी हटा दिया गया।
यह भी पढ़ें: 'हड्डियां तोड़ सकती है पुलिस, सत्याग्रह नहीं': राहुल गांधी ने बर्बरता पर उठाए सवाल, आखिर क्या है पूरा विवाद?
सिर्फ डंडा नहीं, प्यार से भी समझाया
पुलिस सिर्फ पकड़-धकड़ ही नहीं कर रही, बल्कि लोगों को जागरूक भी कर रही है। स्कूल, कॉलेज, और गरबा पंडालों जैसे नौ हजार से ज्यादा जगहों पर जाकर लगभग 1 लाख 84 हजार लोगों को बताया गया कि नशा कैसे जिंदगी और परिवार दोनों तबाह कर देता है। यह पूरी कार्रवाई 30 जुलाई से चल रहे 'ड्रग-फ्री मुंबई' और केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत' अभियान का हिस्सा है। पुलिस का साफ कहना है कि युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले इन सौदागरों के खिलाफ यह जंग ऐसे ही जारी रहेगी।