हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार मनोज साने
- फोटो : Social Media
मुंबई के सरस्वती वैद्य हत्याकांड मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार मनोज साने और सरस्वती ने शादी की थी लेकिन उसने इस बात को छुपाया था। वहीं अब मृतक सरस्वती की तीन बहनों ने भी पुलिस को अपने बयान दर्ज कराए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दोनों ने अपनी शादी को पंजीकृत नहीं कराया था, लेकिन उन्होंने एक मंदिर में रस्में पूरी करके शादी की थी।
बता दें कि मनोज और सरस्वती मुंबई में लिव-इन में रहते थे, अधिकारियों ने कहा कि मनोज साने ने पुलिस को बताया कि सरस्वती ने जहर पीकर आत्महत्या की और उसने केवल उसके शरीर को काट कर ठिकाने लगाने की कोशिश की। साथ ही मनोज ने पुलिस को बताया कि वह एचआईवी पॉजिटिव था और उसने सरस्वती के साथ कोई शारीरिक संबंध नहीं बनाया।
सरस्वती की बहनों ने किए कई खुलासे
सरस्वती की बहनों के हवाले से वसई-विरार आयुक्तालय के मीरा-भायंदर के पुलिस उपायुक्त जयंत बाजबले ने कहा कि सरस्वती वैद्य ने अपनी बहनों को शादी के बारे में बताया था, लेकिन उनके बीच उम्र का काफी फासला होने के कारण इस जोड़े ने इसे सार्वजनिक नहीं किया। अधिकारी ने कहा कि डीएनए परीक्षण और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मृतक के शरीर के अवशेष उनकी बहनों को उनकी इच्छा के अनुसार अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए जाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
इससे पहले डीसीपी जयंत बाजबले ने गुरुवार को मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि स्थानीय पुलिस को फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच की। जांच में पता चला कि मनोज और सरस्वती यहां लिव-इन में रहते थे। पुलिस टीम जब जांच के लिए फ्लैट पहुंची तो मृतका के शरीर के टुकड़े बर्तन और बाल्टियों में पाए गए। आरोपी का नाम मनोज साने है, उसे कल रात को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। यह भी पता चला था कि मनोज ने पेड़ काटने का कटर खरीदा था, जिससे वह महिला के टुकड़े करता और फिर वह उन्हें कूकर में उबाल कर प्लास्टिक के बैग में भर देता था।
पड़ोसी बोले- फ्लैट से आ रही थी मरे चूहे की तरह दुर्गंध
मामले में आरोपी के एक पड़ोसी ने बताया कि सरस्वती और मनोज कभी किसी त्योहार पर बाहर नहीं आते थे। मुझे तो उसका नाम भी नहीं पता था। हमें सोमवार से फ्लैट से चूहे के मरने जैसी बदबू आ रही थी। इसके बाद मैं बुधवार को जब उनके घर गया तो उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। बाद में रूम फ्रेशनर का इस्तेमाल किया गया। बाद में उसे बैग लेकर बाहर निकलते हुए देखा। तब उसके शरीर से भी वैसी ही बदबू आ रही थी। इसके बाद हमे हमें शक हुआ और पुलिस को खबर की।