मुंबई के विले पार्ले में हिट-एंड-रन मामले के आरोपी को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विले पार्ले में मिठीबाई कॉलेज के पास एनएस रोड नंबर 1 पर सड़क पार करते समय 15 साल की एक लड़की 'हिट-एंड-रन' हादसे में घायल हो गई। यह लड़की भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक है।
क्या है मामला
हादसे के बाद मोटरसाइकिल सवार मौके से भाग गया था। मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया और सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइकर को पकड़ा। बाइकर की पहचान इंजीनियरिंग के छात्र दिवित अमित मेहता के तौर पर हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, जब लड़की सड़क पार कर रही थी, तो तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी और मौके से भाग गया।
पीड़िता का अस्पताल में चल रहा इलाज
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर काफी ट्रैफिक था। लड़की सड़क पार कर रही थी तभी अचानक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आई और उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल लड़की को पास के अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। अस्पताल में अभी उसका इलाज चल रहा है।
जुहू पुलिस स्टेशन ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया और घटना की जांच शुरू की। जांचकर्ताओं ने मोटरसाइकिल और उसके सवार की पहचान करने के लिए दुर्घटना स्थल के पास लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। अधिकारियों ने एनएस रोड नंबर 1 और मिठीबाई कॉलेज के आस-पास की दुकानों, इमारतों, जंक्शनों और दूसरी जगहों की फुटेज की जांच की। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।