महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मझगांव इलाके में स्थित एक बिल्डिंग में आग लग गई है। दमकलकर्मियों द्वारा आग बुझाने का काम जारी है। अभी तक किसी के मरने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
शहर के दमकल विभाग के प्रमुख प्रभात रहांगदले ने बताया है कि बिल्डिंग की पांचवी मंजिल से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं, सातवीं मंजिल पर अभी भी सात लोग फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि मझगांव के सेंट मेरी रोड पर तलवाडी में शिरीन मंजिल की छठी मंजिल पर स्थित दो फ्लैटों में लगभग 12.22 बजे आग लग गई। भूतल को मिलाकर यह बिल्डिंग सात मंजिल की है।
दमकल विभाग को सूचना मिलने के बाद वह 12.34 बजे मौके पर पहुंचा। आग को लेवल 2 दर्जे के रूप में वर्गीकृत किया गया है। चार दमकलकर्मी, एक एंबुलेंस और चार वाटर जेट आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि फर्श पर गाढ़ा धुआं अग्निशमन अभियानों को मुश्किल बना रहा है।
अभी तक बिल्डिंग में फंसे लोगों की वास्तविक संख्या का पता नहीं चल पाया है।