मुंबई से सटे नालासोपारा में विस्फोटकों की बरामदगी मामले में महाराष्ट्र एटीएस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान 30 साल के अविनाश पवार के रूप में हुई है। इस मामले में एटीएस पवार के अलावा चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
एटीएस ने अविनाश को शुक्रवार रात मुंबई के घाटकोपर से गिरफ्तार किया है। पवार को एटीएस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया जहां 31 अगस्त तक उसे रिमांड में भेज दिया गया। एटीएस के एक अधिकारी ने बताया कि अविनाश का नाम गिरफ्तार आरोपियों वैभव राउत, सुधन्वा गोंधलेकर, शरद कालस्कर और श्रीकांत पांगरकर से पूछताछ के दौरान सामने आया।
एटीएस ने 10 अगस्त को वैभव राउत को पालघर जिले के नालासोपारा से गिरफ्तार किया था। उस समय एटीएस ने दावा किया था कि राउत के घर से 20 देसी बम, दो जिलेटिन स्टिक्स, चार इलेक्ट्रॉनिक और 22 गैर-इलेक्ट्रॉनिक डिटोनेटर्स, 150 ग्राम विस्फोटक पाउडर और कुछ अन्य सामग्री बरामद किया गया है। एटीएस के मुताबिक इन विस्फोटकों का इस्तेमाल राज्य में कई जगहों पर धमाकों में किया जाना था।