मुंबई में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) ने 10 दिसंबर को एक कीर्तिमान स्थापित किया है। दरअसल, 10 दिसंबर को मुंबई हवाई अड्डे पर 1,50,988 यात्रियों ने आवाजाही की। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अधिकारियों ने इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुनिया के सबसे व्यस्त सिंगल क्रॉसओवर रनवे हवाई अड्डे ने 10 दिसंबर 2022 को 1,50,988 यात्रियों के साथ एक रिकॉर्ड बनाया है।
10 दिसंबर को इतने यात्रियों ने की आवाजाही दर्ज
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने आगे बताया कि इन यात्रियों में 1,11,441 घरेलू यात्री और 892 उडानों के साथ 39,547 अंतर्राष्ट्रीय यात्री शामिल हैं। गौरतलब है कि वहीं, बीते साल यानी 2021-22 में 10 दिसंबर को मुंबई हवाई अड्डे के जरिए कुल 1, 04,699 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी। इसमें 88, 243 घरेलू यात्री और 16456 अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों की आवाजाही शामिल थी।
बता दें कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में भी जाना जाता है। छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। इस एयरपोर्ट के पास कुल भूमि क्षेत्र 750 हेक्टेयर है। इसका संचालन साल 1942 से शुरू हुआ था।