मुलायम सिंह यादव ने रविवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 30 दिसंबर को रामगोपाल यादव ने लखनऊ में जो बैठक बुलाई थी वो फर्जी थी। उन्होंने कहा ''मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं, शिवपाल प्रदेश अध्यक्ष हैं और अखिलेश मुख्यमंत्री हैं।''
मुलायम ने रामगोपाल को लेकर कहा कि निष्कासित व्यक्ति को राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाने का कोई अधिकार नहीं। रामगोपाल पार्टी से बर्खास्त थे और उनका अधिवेशन फर्जी था।
मीडिया द्वारा चुनाव आयोग जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल यही कहना है, फिर आप सबको बुलाएंगे। इससे पहले रामगोपाल यादव और अमर सिंह के बीच जुबानी तीर चले। अखिलेश गुट द्वारा चुनाव आयोग में हलफनाम जमा करने पर अमर सिंह ने कहा कि इसमें फर्जी हस्ताक्षर कराए गए हैं।
इस पर रामगोपाल यादव ने कहा कि फर्जी लोग फर्जी ही बातें करते हैं, हम ऐसा नहीं करते। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि वे भी जल्द ही चुनाव आयोग को अपने दस्तावेज सौंपे ताकि आयोग जल्द से जल्द फैसला ले सके। रामगोपाल ने कहा कि असली समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग में ऐफिडेविट समेत सभी सबूत जमा कर दिए हैं। नेता जी को भी इन्हें भेजा था, लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किया।
इससे पहले रविवार को भी दिनभर समाजवादी पार्टी में लखनऊ से लेकर दिल्ली तक गहमागहमी बनी रही। मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में ताला जड़ दिया और दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। दिल्ली स्थित मुलायम सिंह के आवास पर दिन भर बैठकों का दौर जारी रहा था, जिसमें अमर सिंह और शिवपाल यादव भी मौजूद रहे थे।
इस्तीफा देने के लिए तैयार बैठा हूं-अमर सिंह
फाइल फोटो
- फोटो : Getty images
वहीं अमर सिंह ने इस्तीफे के पेशकश की है। उन्होंने कहा कि मैंने इस्तीफा देने की कोशिश की और देने के लिए तैयार बैठा हूं, हर तरह का बलिदान देने को तैयार हूं। हर तरह का त्याग बलिदान देने को हम तैयार हैं, ताकि परिवार टूटे नहीं और एक रहे। उन्होंने कहा कि मैं हाथ जोड़कर विनती करना चाहता हूं, और क्या लोगे। त्यागपत्र देने को तैयार हूं। शिवपाल चुनाव लड़ने से हटने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि मैं और शिवपाल मिट्टी थे। जिस कुम्हार ने हमारा निर्माण किया, हमारी प्रतिमा बनाई वह मुलायम सिंह हैं। हम उनके 2 बाजू हैं। इतना सब होने के बावजूद जब आरोप लगता है तो दिल दुखता है। अमर सिंह ने कहा कि क्या जिद है? किस बात की अकड़ है? इस घर को आग लग गई घर के चिराग से। हम मिलकर रहना चाहते हैं।
उधर शिवपाल यादव ने कहा कि मैं अमर सिंह के बातों से सहमत हूं। उन्होंने कहा कि जो भी हूं, नेताजी की वजह से हूं। हर स्थिति परिस्थिति में हम नेताजी के साथ हैं। नेताजी मुलायम सिंह यादव का जो भी आदेश होगा उसे हम मानेंगे।
Saari vishamta aur pratikoolta ka theekra mujhpar aur bhai Shivpal Yadav par phodd diya gaya hai: Amar Singh pic.twitter.com/xg64wkjW4U
— ANI UP (@ANINewsUP) January 8, 2017
Jo bhi hoon, netaji ki wajeh se hoon. Har sthiti paristhiti mein hum netaji ke sath hain: Shivpal Yadav #SPfeud pic.twitter.com/c3XpjprhK5
— ANI UP (@ANINewsUP) January 8, 2017