राजनीतिक पार्टियां हिंदू देवताओं की मूर्तियों के निर्माण की होड़ में लगी हुई हैं। जहां एक ओर यूपी सरकार अयोध्या में सरयू किनारे भगवान राम की मूर्ति बनवाने जा रही है तो वहीं अखिलेश यादव सैफई में कृष्ण की सबसे बड़ी मूर्ति बनवा रहे हैं। इन सबके साथ ही समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने एक नया राग छेड़ दिया है।
मुलायम सिंह यादव ने एक शादी समारोह में एक ओर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला वहीं उन्होंने एक विवादित टिप्पणी भी कर दी। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि कृष्ण पूरे देश में पूजे जाते हैं जबकि भगवान राम सिर्फ उत्तर भारत में।
मुलायम सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शासन कर रही बीजेपी सरकार सिर्फ धर्म की राजनीति को ही बढ़ावा दे रही है। चाहें बात अयोध्या के राम मंदिर की हो या वहां दीपोत्सव मनाए जाने की।
उन्होंने कहा कि "आप दक्षिण में चले जाइए, भगवान कृष्ण का जितना सम्मान वहां है उतना कहीं नहीं है। ठीक है हमारे आदर्श हैं राम जी, लेकिन स्वीकार करना पड़ेगा की हिन्दुस्तान के बाहर कृष्ण का नाम है और हिन्दुस्तान में उत्तर भारत में लोग राम को आदर्श माना जाता है।"
सपा सरकार के शासन के कसीदे पढ़ते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रत्येक समुदाय के के लिए विकास योजनाएं चलाई गईं। मुलायम ने कहा कि कृष्ण यादव समाज के वंशज हैं। जैसे उन्होंने हर समुदाय को एक समान माना उसी तरह से समाजवादी पार्टी भी देश के हर समुदाय को एक ही दृष्टि से देखती है।
पढ़ें: अयोध्या में सरयू किनारे बनेगी भगवान राम की 100 मीटर ऊंची प्रतिमा, योगी सरकार की योजना