कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार पर हमलावर हैं, नोटबंदी हो या फिर राफेल सौदा राहुल लगातार भाजपा पर एक के बाद एक हमले कर रहे हैं। गुरुवार को राहुल ने नोटबंदी पर बोलते हुए इसे भाजपा की साजिश कहा था, उन्होंने कहा था कि इससे गरीबों का पैसा अमीरों में बांटा गया। वहीं राफेल सौदे को लेकर उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया था कि इसमें 15-16 उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया गया।
इसके बाद राहुल ने आज फिर एक ट्वीट किया। उन्होंने राफेल मामले को लेकर आज फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि यह 'विश्वव्यापी भ्रष्टाचार' है और 'आने वाले कुछ हफ्तों में राफेल कुछ बड़े बम गिराने वाला है।' राहुल ने एक खबर साझा करते हुए ट्वीट किया, 'यह विश्वव्यापी भ्रष्टाचार है। यह राफेल विमान वास्तव में दूर तक और तेज तक उड़ता है! यह आने वाले कुछ हफ्तों में कुछ बड़े बंकर भेदी बम भी गिराने वाला है।' उन्होंने कहा, 'मोदी जी कृपया अनिल अंबानी को बताएं कि फ्रांस में एक बड़ी समस्या है।'
राहुल ने जिस खबर को शेयर किया है उसमें कहा गया है कि जब राफेल को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही थी तब अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस एंटरनमेंट ने तत्कालीन फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा अलोंद की पार्टनर को फिल्म निर्माण में सहयोग किया था।
राहुल के हमले के बाद अब भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने उन पर पलटवार किया है। नकवी ने कहा कि 'जिस व्यक्ति का पप्पू से लेकर गप्पू तक का सफर झूठ का झुनझुना लेकर शुरू हुआ हो वो इस तरह की बहकी-बहकी, बेसुरी और बेहुदी बातें करेगा। नकवी ने कहा कि घोटाले के गुरु घंटालों को हर समय घोटाला ही नजर आएगा।'
गुरुवार को राहुल ने पीएम मोदी को आड़े हाथों लेते हुए यहां तक कहा था कि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था बिगाड़ दी और अरुण जेटली लंबे-लंबे ब्लॉग लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी कोई गलती नहीं बल्कि भाजपा शासन की जानबूझकर की गई साजिश है। इसके बाद राहुल अंबानी की तरफ बढ़े और उन्होंने कहा कि राफेल पर उनकी पीएम मोदी से क्या डील हुई, ये पूरा देश जानना चाहता है।
#WATCH Live from Delhi: Congress President Rahul Gandhi briefs the media
https://t.co/jixIQ4vhQj
— ANI (@ANI)
August 30, 2018
राहुल ने अपने भाषण में दोहराया कि अंनिल अंबानी को ही राफेल का ठेका क्यों दिया गया। 500 करोड़ का विमान 1600 करोड़ में क्यों खरीदा गया। जब इतना सब हुआ तो राफेल सौदे पर जेपीसी जांच क्यों नहीं होनी चाहिए। याद दिला दें कि गुरुवार को ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल की इस मांग पर चुटकी ली थी। उन्होंने जेपीसी को झूठी पार्टी कांग्रेस की संज्ञा दी थी।