मुंबई में शिवसेना नेता की लाइव हत्या मामले में सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की स्थिति के संबंध में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। शाह को लिखे पत्र में, चतुर्वेदी ने गुरुवार को स्थानीय सेना (यूबीटी) नेता अभिषेक घोसालकर की हत्या और पड़ोसी ठाणे जिले में इस महीने की शुरुआत में एक घटना का जिक्र किया, जहां एक भाजपा विधायक ने एक पुलिस स्टेशन के अंदर गोलीबारी की थी।
राज्यसभा सदस्य ने पत्र में कहा, 'मैं आपसे महाराष्ट्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह करती हूं, इससे पहले कि यहां के निवासियों को अपूरणीय क्षति हो।' चतुवेर्दी ने आगे कहा कि व्यापार और वाणिज्य के लिए प्रसिद्ध मुंबई का जीवंत शहर अब बढ़ते अपराध, हिंसा और गोलीबारी से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों और जन प्रतिनिधियों को डराने के लिए हथियारों के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल ने राज्य को भय और असुरक्षा की स्थिति में डाल दिया है।
शिंदे सरकार को बर्खास्त करने की उठी मांग
इधर, शिवसेना (यूबीटी) ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर एकनाथ शिंदे सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी के सांसद और विधायक पुलिसकर्मियों को धमकी दे रहे हैं।
राउत ने उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस से कानून व्यवस्था की स्थिति पर उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सरकार को हम पर थोपने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को बर्खास्त कर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए, हिम्मत है तो सरकार को बर्खास्त करें।