एएमयू में कोरोना को लेकर बोले सांसद दानिश अली
- फोटो : ani
बसपा नेता और लोकसभा सांसद कुंवर दानिश अली ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में कोरोना के कहर पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय दल भेजकर स्थिति का जायजा लेने की गुहार लगाई है।
विश्वविद्यालय में अब तक कई शिक्षक और कर्मचारियों की कोरोना की वजह से मौत हो चुकी है। सांसद ने अपने पत्र में लिखा है कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय सदी के अपने सबसे चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। कोरोना ने यहां कोहराम मचा रखा है।
सांसद ने पत्र में एएमयू के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की टीम द्वारा जायजा लेने का अनुरोध किया। सांसद ने कहा कि एएमयू का जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति से निपटने में सक्षम नहीं है। यहां चिकित्सीय उपकरणों की कमी है।
हाल के दिनों में विश्वविद्यालय परिसर में कोरोना से मौत पर कुलपति तारीक मंसूर ने आईसीएमआर को एक पत्र लिखकर परिसर में वायरस के वैरिएंट पर अध्ययन का अनुरोध किया था। गौरतलब है कि अब तक एएमयू में कार्यरत और अवकाश प्राप्त करीब 35 शिक्षक कोरोना से दम तोड़ चुके हैं।