भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय
- फोटो : ANI
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने माना है कि मध्यप्रदेश के उपचुनाव में भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर-चंबल संभाग में भाजपा की स्थिति कमजोर नजर आ रही है। क्षेत्र की 16 सीटों में से 10 पर भाजपा आगे है। वहीं पांच पर कांग्रेस और एक सीट पर बसपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है।
मुरैना की पांचों सीटों पर भाजपा पीछे
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के निर्वाचन क्षेत्र मुरैना की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा पीछे चल रही है। विजयवर्गीय ने कहा कि ग्वालियर—चंबल इलाके में पार्टी को अपेक्षाकृत कामयाबी नहीं मिली है, लेकिन मालवा-निमाड़ क्षेत्र में अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
शिवराज ही रहेंगे मुखिया
चुनाव परिणाम के बाद प्रदेश का नेतृत्व किसी अन्य के हाथों में सौंपे जाने की अटकल पर भाजपा महासचिव ने कहा, 'ये संभव ही नहीं है। शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही हमारी सरकार चलेगी, वे सरकार के मुखिया बने रहेंगे।
ईवीएम पर सवाल, लोकतंत्र का अपमान
'अमर उजाला' से बातचीत में विजयवर्गीय ने कहा, 'भारत दुनिया का सबसे बड़ा प्रजातांत्रिक देश है। हमारी चुनाव प्रणाली की पूरी दुनिया में प्रशंसा होती है, लेकिन कांग्रेस द्वारा हार को स्वीकार नहीं करना और ईवीएम पर लगातार प्रश्न चिन्ह उठाना परिपक्व राजनीति नहीं है। ये लोकतंत्र का अपमान है।'
बेहतर नतीजों की उम्मीद थी : कांग्रेस
उधर, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता अनुरोध ललित जैन ने चर्चा में कहा, 'कांग्रेस पार्टी ग्वालियर-चंबल संभाग में सिंधिया परिवार से मुक्त हो गई है। हमें वहां इससे बेहतर परिणाम की उम्मीद थी।'