Maharashtra: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में कथित तौर पर भाजपा विधायक सुरेश धास के बेटे की एसयूवी की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान नितिन शेलके के रूप में हुई, उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में मृत घोषित किया गया। हादसे के बाद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में एक एसयूवी की टक्कर से एक 34 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। कार को कथित रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुरेश धास का बेटा चला रहा था। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन
यह दुर्घटना सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे सुपा क्षेत्र में अहिल्यानगर-पुणे रोड पर हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि विधायक सुरेश धास के बेटे सागर धास (26 वर्षीय) एमजी ग्लॉस्टर एसयूवी से अहिल्यानगर से पुणे की ओर जा रहे थे। उसी दौरान पारनेर निवासी नितिन शेलके अपनी मोटरसाइकिल से जाटेगांवे जंक्शन के पास पुणे-अहिल्यानगर रोड पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतक के भाई की ओर से दी गई शिकायत में यह जानकारी दी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के वक्त सागर धास अपने एक मित्र के साथ थे और गाड़ी चला रहे थे। टक्कर लगने के बाद नितिन शेलके को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।