भारत में पेशेवर लोग अपने प्रोफाइल में स्पेशलाइज्ड, लीडरशिप और एक्सपर्ट शब्द का सबसे अधिक इस्तेमाल करते हैं। पेशेवर नेटवर्किंग वेबसाइट लिंक्डइन ने 3.9 करोड़ भारतीय पेशेवरों की प्रोफाइलों की छानबीन करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला है।
लिंक्डइन ने हर साल की तरह इस साल भी दस सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाले शब्दों की सूची जारी की है। सूची के अनुसार भारत के पेशेवर अपने प्रोफाइल में सबसे ज्यादा बार स्पेशलाइज्ड शब्द का इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद क्रमश: एक्सपर्ट, स्ट्रेटजिक, पैशनेट, सर्टिफायड, रिस्पांसिबल, एक्सेलेंट, एक्सपीरियंस्ड और फोकस्ड शब्द का प्रयोग किया जाता है। उसने कहा कि स्पेशलाइज्ड शब्द भारत के साथ ही विश्व भर में सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाला शब्द है।
लीडरशिप शब्द ने इस मामले में पिछले साल की तुलना में दो स्थान की छलांग लगाई है। पैशनेट शब्द पिछले साल शीर्ष तीन में था, लेकिन इस बार यह लुढ़का है, लेकिन यह शीर्ष पांच में जगह बनाने में कामयाब रहा है। सर्टिफायड और एक्सेलेंट इस सूची में जगह बनाने वाले दो नए शब्द रहे, जबकि ऑर्गेनाइजेशन शब्द इस साल सूची में शामिल होने में नाकाम रहा।
लिंक्डइन क ी भारत और हांगकांग की प्रमुख (कम्युनिकेशंस) दीपा सपत्नेकर ने कहा, भारतीय रोजगार बाजार में हर महीने दस लाख से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। ऐसे में इसकी प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ते जा रही है। इस परिस्थिति में पेशेवरों को अपने आप को अलग तरीके से प्रदर्शित करना होता है। अत: कम और आसान शब्दों में अपना प्रोफाइल बेहतर तरीके से बनाना महत्वपूर्ण हो उठता है।