Fight against corona (File photo)
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस की लड़ाई में 31 हजार से ज्यादा डॉक्टर जुटेंगे जिसमें सरकारी सेवानिवृत और सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा के भी डॉक्टर शामिल हैं। इसके अलावा निजी फिजीशियन भी कोविड-19 के खिलाफ मुहिम में सरकार का साथ देंगे।
25 मार्च को सरकार ने इन डॉक्टरों से कोरोना वायरस के खिलाफ मुहिम में शामिल होने को कहा था। अधिकारियों ने बताया कि करीब 30 हजार वालंटियर डॉक्टर जिसमें सेवानिवृत सरकारी, सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा के डॉक्टर और निजी प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर इस मुहिम में जुड़ेंगे।
नीति आयोग की वेबसाइट में 25 मार्च को प्रकाशित एक बयान में सरकार ने कहा था कि जो भी डॉक्टर और चिकित्साकर्मी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मुहिम से जुड़ना चाहते हैं तो वे इस वेबसाइट पर पंजीकरण करवा सकते हैं।
साथ ही सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं और ट्रेनिंग अस्पतालों के लिए ऐसे वालंटियर डॉक्टरों की अपील की थी जो फिट हैं और इसका हिस्सा बनना चाहते हैं।
अबतक 56 की मौत
बता दें कि देश में कल से लेकर आज तक कोरोना वायरस के 336 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि इस जानलेवा वायरस से अब तक 2301 लोग संक्रमित हो चुके है और 56 लोगों की मौत हुई है। इन 56 मौतों में से 12 मौतें कल हुई हैं। इस जानलेवा वायरस से अब तक 157 मरीज पूरी तरह ठीक हुए हैं।