भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र के कई हिस्सों में एक बार फिर से मानसून के सक्रिय होने की चेतावनी दी है। विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के अधिकांश स्थानों पर शनिवार को बारिश या गरज के साथ बारिश हुई। अधिकारी ने कहा, सोमवार को विदर्भ क्षेत्र में भारी बारिश होने की उम्मीद है, जबकि मध्य महाराष्ट्र में बिजली गिरने के साथ ही गरज के साथ बारिश होगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई और पश्चिमी तट के अन्य हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, रविवार सुबह आईएमडी ने कहा कि पिछले दो दिनों में शहर और पड़ोसी क्षेत्रों में मध्यम वर्षा के बाद सोमवार से दक्षिण पश्चिम मानसून के मुंबई और तटीय महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में मानसून के फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है।