योजना नहीं हो पाई सफलता से लागू
इस पर दिल्ली अर्बन आर्ट की तरफ से कहा गया कि 'अधिकांश शहरों का मामूली सी बारिश में जलमग्न हो जाने का पहला बड़ा कारण गलत अर्बन प्लानिंग है। प्लानिंग में अक्सर इस बात का ध्यान नहीं रखा जाता कि जमीन कैसी है और किस काम की है। दूसरी बात यह समझनी होगी कि आप निकायों की क्षमता बढ़ाए बिना किसी योजना को सफलता से लागू नहीं कर सकते। यही वजह है कि हम दशकों के विकास के बाद भी इस समस्या से निपट नहीं पाए हैं।'
दरअसल इस गलत अर्बन प्लानिंग में शहरों की जमीनी सतह का लगातार कंक्रीट से ढंका जाना भी शामिल है। इसे समझाते हुए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट की हाइड्रो-मैटेरोलॉजी डिवीजन का कहना है कि 'टाइल से जमीन ढंकती जा रही है। इससे पानी जमीन में रिसने के बजाए बहकर तेजी से निचले इलाकों में भरने लगता है।
वैसे इस सीमेंट और कंक्रीटीकरण को वे रोजगार व शिक्षा के लिए शहरों की तरफ हो रहे पलायन से जोड़ते हैं। संस्था की माने तो बड़ी आबादी लगातार शहरों की ओर माइग्रेट हो रही है। इन्हें जहां खाली जगह मिल रही है, वहीं बस रहे हैं और ऐसी खाली जगह आमतौर पर शहरों में निचले इलाके ही होते हैं। अक्सर यह या तो नदी का बाढ़ क्षेत्र होता है या अन्य डूब क्षेत्र।'
इधर, दिल्ली स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर ने इसके पीछे एक आर्थिक पक्ष होना बताया। 'अर्बन प्लानिंग के सिद्धांतों के मुताबिक निचले इलाकों में पहले मिट्टी का भराव करना चाहिए फिर मकान या अन्य निर्माण होने चाहिए। मगर ऐसा करने में निर्माण लागत बढ़ जाती है। यही वजह है कि कई शहरों में इन सिद्धांतों को ताक पर रखकर निर्माण हो गए हैं।' यानी जानकारों का प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से यही कहना है कि यह समस्या मानव-निर्मित है।
मध्यप्रदेश टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की तरफ से कहा गया कि- 'किसी समय हर शहर का नेचुरल ड्रेनेज सिस्टम नालों के रूप में हुआ करता था। मगर नई बसाहट ने इसे खत्म कर दिया। 10 फीट चौड़ाई-गहराई वाले नाले खत्म कर दिए और उनकी जगह एक फीट व्यास की पाइप लाइन बिछा दी गई हैं। यह लाइन तीन-चार इंच बारिश का पानी भी आसानी से नहीं निकाल पाती। यह तो समस्या है, लेकिन दशकों से समस्या हल इसलिए नहीं हो पा रही क्योंकि अधिकांश शहरों में नया ड्रेनेज और स्टॉर्म वाटर लाइन सिस्टम भी जरूरत के मुताबिक नहीं बना।
समाधान क्या है?
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स ने कहा कि स्मार्ट सिटी शुरुआत में शहर के दो से पांच फीसदी हिस्से पर ही बन रही हैं। ऐसे में हो सकता है कि स्मार्ट सिटी के लिए चुना गया क्षेत्र तो सुरक्षित रहे, लेकिन उसके बाहर समस्याएं ऐसी ही हों। भविष्य में इसके हल के लिए हमें चीन के तरीकों को अपनाना होगा। वहां जो गांव या क्षेत्र, शहर बनने की क्षमता रखते हैं, वहां अगले 20 वर्ष की आवश्यकता के अनुसार इंफ्रास्ट्रक्चर और जरूरी आवश्यकता विकसित की जाती है। इसके बाद आबादी बसाई जाती है।
...तो फिर हल क्या है?
ज्यादातर एक्सपर्ट हर साल बारिश में एक-सी ही समस्या से उबरने का हल क्षेत्र या शहर की आबादी के हिसाब से ड्रेनेज व स्टॉर्म वाटर लाइन डालना बताते हैं। वे कहते हैं इसके लिए सबसे पहले नेचुरल ड्रेनेज सिस्टम को रिवाइव करना होगा। कुछ जानकारों का कहना है कि इसका हल बहुत खर्चीला है। इसके लिए हम या तो निचले इलाकों की पहचान कर उन्हें ऐसा स्वरूप दें कि दूसरे इलाकों का पानी यहां जमा न हो। दूसरा तरीका यह है कि ऐसे इलाकों में ग्राउंड वाटर रिचार्जिंग की जाए।
देश में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई है। दिल्ली के नजफगढ़ में 148 मिमी, महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में 107 मिमी, दिल्ली के पालम में 101 मिमी, असम के लखीमपुर में 97 मिमी, असम के गुवाहाटी में 95 मिमीऔर मध्यप्रदेश के जबलपुर में 90 मिमी बारिश हुई है।
22 हजार पशु और 4 लाख पक्षी मारे गए
केरल में आई भारी बाढ़ से 443 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 3.42 लाख लोग ऐसे भी हैं जो राहत शिविरों में रह रहे हैं। इस बाढ़ ने न केवल इंसानों की बल्कि पशु पक्षियों की भी जान ली है। बाढ़ के कारण करीब 4 लाख पक्षियों और 22 हजार से ज्यादा छोटे और बड़े पशुओं की मौत हुई है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का कहना है कि बाढ़ ने उन्हें मौका दिया है कि वह नया केरल बना पाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की पूरी उम्मीद है कि केंद्र सरकार केरल को बनाने में उनकी मदद करेगी।
वहीं अगर पूरे देश की बात की जाए तो 43 फीसदी हिस्सा ऐसा है जहां मानसून सामान्य रहा और 39 फीसदी हिस्सा ऐसा है जहां कम बारिश हुई। पूरे देश में 7 फीसदी कम बारिश हुई है। 11 राज्यों में कम बारिश हुई है।
8 राज्यों में 1276 लोगों की मौत
देश में इस बार आए मानसून ने 1276 लोगों की जान ले ली है। ये मौतें देश के 8 राज्यों में हुई हैं। इनमें सबसे ज्यादा लोग केरल के हैं। इस राज्य में 443 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 218, पश्चिम बंगाल में 198, कर्नाटर में 166, महाराष्ट्र में 139, गुजरात में 52, असम में 49 और नागालैंड में 11 लोग मारे गए हैं। वहीं राज्यों में जो लोग लापता हुए हैं उनकी संख्या 37 बताई जा रही है।