भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राज्यसभा में सरकार का पक्ष रख रहे थे। उन्होंने कहा, मोदी सरकार ने कृषि बजट 75 प्रतिशत बढ़ाया है। 2014 से 2018 के बीच 2 लाख 11 हजार 294 हजार करोड़ रुपए बजट किया। हमारी सरकार कृषि को बढ़ावा दे रही है। धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 200 रुपए प्रति क्विंटल किया गया। मोदी सरकार ने धान का समर्थन मूल्य डेढ़ गुना बढ़ाया। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमें सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है। सभापति नायडू ने कहा कि हम देवरिया कांड पर कल चर्चा करेंगे।
बता दें कि संसद का मानसून सत्र 10 अगस्त को खत्म हो जाएगा। ऐसे में सरकार के पास महत्वपूर्ण विधेयकों को पास करवाने के लिए बहुत कम समय बचा है। उसकी पूरी कोशिश इसी सत्र में एससी/एसटी बिल को पास करवाने की है ताकि दलितों, महा दलितो के बीच यह संदेश जा सके कि सरकार उनके खिलाफ नहीं है जैसा कि विपक्ष द्वारा प्रचारित किया जा रहा है। इसके अलावा सरकार ओबीसी आयोग वाले बिल को भी पास करवाने की जुगत में है। वहीं एनआरसी, मॉब लिंचिंग जैसे मुद्दे को विपक्ष पूरी तरह से भुनाना चाहता है। वह सरकार को अपना बचाव करने का कोई मौका देने के मूड में नजर नहीं आ रहा है।
संसद भवन की कार्रवाई शुरू हुई तो विपक्ष ने देवरिया और मुजफ्फरपुर कांड को लेकर खूब हंगामा किया। हाल ही में सामने आए मुजफ्फरपुर और देवरिया
बालिका गृह के यौन शोषण की घटनाओं ने सरकार को बैकफुट पर लाकर खड़ा दिया है। संसद भवन परिसर में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन्हीं सब मुद्दों को देखते हुए संसद भवन की लाइब्रेरी बिल्डिंग में आज भाजपा सांसदों ने संसदीय दल की बैठक की। इसमें शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, अनंत कुमार हेगड़े और अर्जुन राम मेघवाल के अलावा खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे थे।
भाजपा के अलावा कांग्रेस भी संसद भवन में संसदीय दल की बैठक की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में चल रही इस बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया, केएम वेणुगोपाल और रंजीत रंजन हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। सोनिया गांधी इस बैठक में हिस्सा नहीं ले रही हैं। बैठक में राहुल गांधी ने कहा, 'मोदी के शासन में भारत एक ऐसी रेलगाड़ी जैसा लगता है जिसे एक निरंकुश, अक्षम और अहंकारी चालक विध्वंस के रास्ते पर ले जा रहा है। नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार,आर्थिक विफलता, अक्षमता और सामाजिक भेदभाव चरम पर।'
राहुल गांधी ने पार्टी सांसदों से लोगों को मोदी के ‘अच्छे दिन के झूठे वादे’ का विकल्प देने के लिए कड़ी मेहनत करने को कहा। माना जा रहा है कि दोनों पार्टियां बैठक में राज्यसभा में उप-सभापति का चुनाव होना है। सत्तापक्ष की ओर से जदयू के हरिवंश को उपसभापति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं विपक्षी दलों ने इस दिशा में अपनी रणनीति को अंतिम रूप नहीं दिया है। बता दें कि कांग्रेस के पीजे कुरियन का पिछले महीने राज्यसभा के उपसभापति पद से कार्यकाल पूरा होने के बाद से यह पद खाली हो गया है।
राज्यसभा में पूर्व सदस्य धवन को दी गई श्रद्धांजलि
आर के धवन का सोमवार को 81 साल की उम्र में निधन हो गया था। बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने उनके निधन का जिक्र करते हुए बताया कि राजनीतिक, समाज सेवक धवन खेलों में गहरी रूचि रखते थे और कई खेल संघों से जुड़े थे। उन्होंने बताया कि धवन ने उच्च सदन में अप्रैल 1990 से 1996 तक आंध्रप्रदेश का और जुलाई 2004 से जुलाई 2010 तक बिहार का प्रतिनिधित्व किया था। नायडू ने कहा कि धवन के निधन से देश ने एक उत्कृष्ट पूर्व सांसद तथा एक समर्पित समाज सेवक को खो दिया है। उन्होंने कहा ‘हम उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हैं।’