फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather: दिल्ली समेत 15 राज्यों में आज बारिश का यलो अलर्ट, एनसीआर में जलभराव से जाम; पहाड़ों पर बंद हुए रास्ते

Fri, 07 Aug 2026 04:38 AM IST
शिवम गर्ग अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली/गुरुग्राम/शिमला/देहरादून।

सार

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से जलभराव और जाम की स्थिति बनी, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन से 250 से अधिक सड़कें बंद हो गईं। मौसम विभाग ने 15 राज्यों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

विज्ञापन
आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मानसूनी बारिश और पहाड़ों पर भूस्खलन ने मुसीबत बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भरने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। बृहस्पतिवार की सुबह से दोपहर तक हुई बारिश में राजधानी के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। इससे स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। दिल्ली में बृहस्पतिवार को 56 मिमी बारिश हुई, जिसके चलते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिर गया। इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। वहीं, गुरुग्राम में 117 मिमी बारिश हुई।

विज्ञापन


वहीं, पहाड़ों पर भूस्खलन ने मुसीबत बढ़ा दी है। कई जगह रास्ते बंद हैं। उत्तराखंड में 132 और हिमाचल प्रदेश में 120 समेत 250 से अधिक सड़कें बंद हैं। भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर में शोपियां में सेब के बागों को भारी नुकसान होने की सूचना है। मौसम विज्ञान विभाग ने यहां नौ से 12 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

गुरुग्राम : वर्क फ्रॉम होम की अपील
दिल्ली और गुरुग्राम में बृहस्पतिवार सुबह हुई भारी बारिश से दिल्ली-जयपुर हाईवे, धौलाकुआं, कालिंदी कुंज, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ग्रीन पार्क, एम्स और कई अन्य मार्गों पर पानी भरने से घंटों वाहन रेंगते रहे। गुरुग्राम पुलिस ने हालात देखते हुए निजी कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है।
विज्ञापन


असम में अब तक 95 लोगों की मौत
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 6 और लोगों की मौत के बाद इस सीजन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। राज्य के 1.6 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

दिल्ली समेत 15 राज्यों में आज बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर समेत 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की चेतावनी है। विभाग की ओर से किसानों और मछुआरों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें