राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस बीच एक बार दिल्ली में तेज बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 12 जुलाई शनिवार को बारिश हल्की से मध्यम और छिटपुट रहेगी, जबकि 13 जुलाई रविवार की रात से बारिश की तीव्रता और फैलाव बढ़ेगा। इसके बाद फिर बारिश लगातार होती रहेगी। यह सिलसिला 17 जुलाई तक चलेगा और इसके बाद बारिश में कमी आएगी। इस दौरान तापमान कम रहेगा और अधिकतम समय 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। रात और सुबह के समय मौसम सुहावना और ठंडा महसूस होगा।
फरीदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद और नोएडा जैसे इलाकों में भी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के आसपास मानसून ट्रफ सक्रिय है, जिससे शनिवार और रविवार तक हल्की बारिश होती रहेगी। इसके बाद यह ट्रफ उत्तर की ओर बढ़ेगा, जिससे अगले सप्ताह बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। इस दौरान राजधानी से सटे फरीदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद और नोएडा जैसे इलाकों में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना रहेगा।
जुलाई का औसत 195.8 मिमी
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर का कहना है कि,दिल्ली में 10 जुलाई की सुबह मध्यम बारिश हुई, इसके बाद मौसम शांत हो गया। पिछले दो दिनों में पालम हवाई अड्डे पर 78 मिमी और सफदरजंग बेस स्टेशन पर 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। राजधानी में जुलाई महीने में अब तक सफदरजंग में कुल 57 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि जुलाई का औसत सामान्य 195.8 मिमी होता है।
दिल्ली के नजदीक मानसून ट्रफ बना हुआ
एजेंसी का कहना है कि दिल्ली के नजदीक मानसून ट्रफ बना हुआ है। यह ट्रफ पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्र में बने एक चक्रवाती परिसंचरण तथा झारखंड और उससे सटे छत्तीसगढ़ में बने दूसरे परिसंचरण को जोड़ रहा है। झारखंड वाला परिसंचरण पहले पश्चिम बंगाल पर बने निम्न दबाव क्षेत्र का अवशेष है। यह परिसंचरण धीरे-धीरे पश्चिम की ओर मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरफ बढ़ेगा।
एक सप्ताह तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी
मानसून ट्रफ सप्ताहांत तक दिल्ली के पास बना रहेगा और 13-14 जुलाई को राजधानी के दक्षिण में खिसक जाएगा। यह 17 जुलाई तक इसी स्थिति में रहेगा, फिर दोबारा उत्तर की ओर लौटेगा। ट्रफ के बार-बार अपनी स्थिति बदलते रहने के कारण अगले एक सप्ताह तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
रात और सुबह के समय मौसम सुहावना और ठंडा महसूस होगा
इसी वजह से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 12-13 जुलाई बारिश हल्की से मध्यम और छिटपुट रहेगी। वहीं, 13 जुलाई रविवार की रात से बारिश की तीव्रता और फैलाव बढ़ेगा और फिर बारिश लगातार होती रहेगी। यह सिलसिला 17 जुलाई तक चलेगा और इसके बाद बारिश में कमी आएगी। इस दौरान तापमान कम रहेगा और अधिकतम समय 30°C के आसपास बना रहेगा। रात और सुबह के समय मौसम सुहावना और ठंडा महसूस होगा।