दीवार गिरने से 15 की मौत
महाराष्ट्र के पुणे के कोंढवा में एक सोसाइटी की दीवार गिर गई। इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई जिसमें चार बच्चे भी शामिल हैं। इस दुर्घटना के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जानकारी के अनुसार, दीवार मोटी और भारी थी, जिसके ढहने से लोग उसके नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई। दीवार गिरते ही लोगों के बीच हाहाकार मच गया। सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंच चुके हैं। मरने वालों का संख्या बढ़ने की आशंका है।
लोकल ट्रेन और विमानों पर असर
मुंबई की धड़कन कही जानी वाली लोकल ट्रेनों पर भारी बारिश का असर पड़ा है। लोकल की तीनों लाइन इससे प्रभावित हुई हैं। 33 उपनगरीय ट्रेनें रद्द हो गई वहीं 250 ट्रेनें देरी से चलीं। मध्य रेलवे पर विक्रोली-कांजूरमार्ग और ठाणे स्टेशन पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हवाई अड्डे के अधिकारी ने बताया कि विमानों के संचालन में कम विजीबिलिटी के कारण 15 मिनट की देरी हुई। ईस्टर्न एक्सप्रेस राजमार्ग और वेस्टर्न एक्सप्रेस राजमार्ग पर कई जगहें जलभराव की चपेट में आ गई हैं।
केंद्रीय रेलवे ने रद्द की चार इंटरसिटी ट्रेन
पुणे रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा, 'भारतीय मौसम विभाग की आज और कल भारी बारिश होने की आशंका के चलते केंद्रीय रेलवे ने चार इंटरसिटी एक्सप्रेस/ पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने और एक एक्सप्रेस ट्रेन को डायवर्ट करने का फैसला किया है।'
दिल्ली को राहत का इंतजार
दिल्ली मे लोग गर्मी से बेहाल हैं। यहां तपती गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे है। यहां के निवासियों को बारिश के लिए दो जुलाई तक का इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि कहा जा रहा है कि राजधानी में दो जुलाई को मानसून दस्तक देगा। फिलहाल यहां का न्यूनतम तापमान 32 डिग्री और अधिकतम 43 डिग्री सेल्सियस है। कुल मिलाकर बारिश के लिए अभी थोड़ा सब्र रखना पड़ेगा।