असम के बाद यूपी का मजबूत किला फतह करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भारतीय जनता पार्टी के सभी दिग्गज इलाहाबाद से अपना चुनावी बिगुल फूंकने जा रहे हैं। यहां 12 एवं 13 जून को भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है।
विज्ञापन
इसमें पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र में पार्टी के सभी मंत्री समेत अन्य पदाधिकारी शिरकत करेंगे। देश आजाद होने के बाद यह पहला मौका होगा जब इलाहाबाद में किसी राष्ट्रीय दल की कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है।
भाजपा के लिए उत्तर प्रदेश काफी अहम है। केंद्र में दो साल पूरा करने के बाद भाजपा का पूरा ध्यान अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव पर है। सो पार्टी संगठन ने अभी से ही यूपी में चुनावी माहौल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए इलाहाबाद में 12 एवं 13 जून को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जा रही है।
विज्ञापन
दो दिन चलने वाली यह बैठक केपी कालेज ग्राउंड में होगी। बैठक में यूपी के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा भी संभव है। बैठक के समापन पर परेड ग्राउंड में एक जनसभा भी प्रस्तावित है। जनसभा में पीएम मोदी, अमित शाह एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शिरकत करने की बात कही जा रही है।
- फोटो : amar ujala
पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद केशव प्रसाद मौर्य के लिए इलाहाबाद में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कराना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। इस बारे में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद ने बताया कि बैठक को लेकर पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है।
इसमें राष्ट्रीय नेतृत्व के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे सिंधिया, मनोहर लाल खट्टर, डॉ. रमन सिंह आदि के अलावा सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा समर्थित राज्यों के उपमुख्यमंत्री आदि शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में 350 से ज्यादा राष्ट्रीय कार्यकारिणी से जुड़े नेताओं एवं सदस्यों के शामिल होने की सूचना है। केशव के मुताबिक सन 1932 के बाद इलाहाबाद में पहली बार किसी राष्ट्रीय दल की कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है।
12 एवं 13 जून को इलाहाबाद में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के मद्देनजर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य रविवार को अचानक इलाहाबाद पहुंच गए। केशव के इलाहाबाद आने की खबर गोपनीय रखी गई।
शाम को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, संगठन मंत्री रत्नाकर, चंद्रशेखर, सांसद श्यामा चरण गुप्त, डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर, प्रभाशंकर पांडेय, नरेंद्र देव पांडेय, नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, अमरनाथ यादव, शिवदत्त पटेल की मौजूदगी में एक बैठक हुई।
इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियों पर चर्चा हुई। साथ ही किसे क्या जिम्मेदारी मिले उस पर भी चर्चा हुई। बैठक में अनामिका चौधरी, शशि वार्ष्णेय, सुबोध सिंह, सुशील मिश्र, विजय मिश्र, देवेंद्र मिश्र, शशांक त्रिपाठी, प्रवीण मालवीय, मुरारी लाल अग्रवाल, विद्या सागर आदि मौजूद रहे।