प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी और
अमित शाह भाजपा सांसदों के साथ शुक्रवार या 16 मार्च को पार्टी के नए मुख्यालय में रात्रिभोज पर मिशन 2019 की रणनीति पर चर्चा करेंगे। बैठक में सांसदों को एक देश एक चुनाव पर देश भर में माहौल बनाने और केंद्रीय योजनाओं को अपने-अपने संसदीय क्षेत्र में जमीनी स्तर पर लागू कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
मंगलवार को संसदीय दल की बैठक में खुद पीएम मोदी ने पार्टी अध्यक्ष शाह की ओर से सांसदों को इस बैठक का न्योता दिया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह बैठक 8 या 16 मार्च को होगी। 8 मार्च को चूंकि त्रिपुरा में नई सरकार का शपथग्रहण है, जिसमें खुद मोदी, शाह सहित अन्य वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। ऐसे में 16 मार्च को बैठक बुुलाए जाने की संभावना है।
इस बैठक में भी मुख्यमंत्रियों की बैठक की तर्ज पर कई सत्रों में चर्चा होगी। बैठक के मौके पर पहली बार सभी भाजपा सांसद नए भव्य पार्टी मुख्यालय में मौजूद होंगे। सूत्रों का कहना है कि त्रिपुरा, मेघालय, नगालैंड में शानदार सफलता से पार्टी बेहद उत्साहित है और इस गति को आगामी कर्नाटक चुनाव में भी बरकरार रखना चाहती है।