आम बजट में पूरी तरह पीएम मोदी सेच उभरकर सामने आई है। पांच राज्यों के चुनाव और नोटबंदी की मार के बाद से उम्मीद जताई जा रही थी कि किसानों को राहत और कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए सरकार ऋणमाफी सरीखे लोकप्रिय कदम उठा सकती है। भाजपा के पैतृक संगठन संघ के शीर्ष नेतृत्व की ओर से भी सरकार से कहा गया था कि छोटा ही सही मगर किसानों के लिए बजट में कुछ राहत जरूर होनी चाहिए। यहां तक की कांग्रेस ने भी सरकार से किसानों का ऋण माफ करने की मांग की थी।
मगर संसद में पेश आम बजट में इस तरह का कुछ नहीं दिखा। बताया जा रहा है कि बजट में पीएम मोदी की सोच स्पष्ट झलकी है। मोदी सदैव से ही लोकप्रियता बटोरने के बजाय मजबूत आधार प्रदान करने वाले कामों में विश्वास करते हैं।
यही वजह है कि कृषि प्रधान यूपी और पंजाब सरीखे राज्यों के चुनाव सिर पर होने के बावजूद भी सरकार ने किसानों के ऋण माफी अथवा ऋण ब्याज घटाने सरीखा लोकप्रिय कदम बजट में नहीं उठाया है। हालांकि जेटली ने कहा है कि कृषि और किसानों के कल्याण के लिए 35,984 करोड़ रूपए का बजट में प्रावधान है।
अन्य क्षेत्रों की तरह ग्रामीण और कृषि क्षेत्र में भी सरकार ने बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर जोर दिया है। खेती में वैज्ञानिक तौर तरिकों के इस्तेमाल पर जोर है। तो सुखाड़ खत्म करने के लिए सिंचाई योजनाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए त्वरित कार्ययोजना पर अमल किया है। देश में अभी कुल 141 मिलियन हेक्टेयर खेती योग्य भूमि के 46 प्रतिशत तक ही सिंचाई सुविधा है।