भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय विश्व नेताओं की सूची में शामिल है। उन्होंने न सिर्फ अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान सोशल मीडिया का जमकर इस्तेमाल किया बल्कि पीएम बनने के बाद वो अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए भी इसका इस्तेमाल करते है।
लेकिन अब लोग उन्हें सोशल मीडिया पर ही घेरने लगे है। सोमवार को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपनी 'नरेंद्र मोदी मोबाइल एप्लीकेशन' को डाउनलोड करने का अनुरोध किया तो लोगों ने उन्हें घेर लिया। धीरज (@AAPlogical) ने मोदी को जवाब देते हुए कहा, "सर, ये ऐप काम नहीं कर रही है, बिलकुल आपके जैसे।" पैरोडी अकाउंट डियर आरओएफएल गांधी (@RoflGandhi_) से ट्वीट किया गया, "सर, बहुत से किसानों ने अपने आइफोन पर ऐप डाउनलोड की है। हैंगिंग की समस्या है। ऐप सही काम कर रही है,किसान हैंग हो रहे हैं।" कपिल (@kapsology) ने लिखा, "जब भी कोई यूजर नरेंद्र मोदी मोबाइल ऐप चालू करता है फोन फ्लाइट मोड पर चला जाता है।
कृपया ये समस्या सुधारिए।" वहीं कुछ लोग इसी बहाने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फ्री वाई-फाई के वादे पर भी टिप्पणियां कर रहे है। बाबू भैया (@Shahrcasm) के नाम से चल रहे अकाउंट से लिखा गया, "अरविंद केजरीवाल ने फ्री वाई-फाई का पासवर्ड ही नहीं दिया, कैसे अपडेट करूं?" गुरप्रीत खरबंदा (@JeeEssKay ) ने लिखा, "इंटरनेट ही नहीं है। केजरीवाल हम दिल्ली वालों को फ्री वाई-फाई देने का अपना वादा ही पूरा नहीं कर रहे है।" वहीं उड़ता काका (@Udta_Mudi) ने प्रधानमंत्री को सलाह देते हुए कहा, "ऐप का नाम बदलकर उड़ता पीएम ऐप कर दीजिए।"