केंद्र सरकार ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक को यूजर के डाटा लीक मामले में जवाब के लिए बुधवार को नोटिस भेजा है। नोटिस में फेसबुक से लोगों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा और दुरुपयोग रोकने के लिए उठाए जा रहे उपायों की भी जानकारी मांगी गई है।
इलेक्टॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि फेसबुक डाटा लीक मामले में कैंब्रिज एनालिटिका को नोटिस भेजा गया था। इसमें विशेष रूप से मीडिया में चुनावों को प्रभावित करने संबंधी आ रही खबरों का भी उल्लेख किया गया था।
मंत्रालय की तरफ से बयान में कहा गया, ‘ये महसूस किया गया कि डाटा लीक मामले में फेसबुक से भी जानकारी हासिल करने की जरूरत है। 28 मार्च 2018 को मंत्रालय की तरफ से जारी पत्र में फेसबुक से भी जवाब मांगा गया है।’
बयान में कहा गया है कि फेसबुक से इस बारे में 7 अप्रैल 2018 तक जवाब देने को कहा गया है। मंत्रालय ने नोटिस में पांच सवाल पूछे हैं। इसमें कैंब्रिज एनालिटिका या किसी अन्य कंपनी व इकाई की तरफ से भारतीय वोटरों की जानकारी हासिल करने संबंधी सवाल किया गया है।
मंत्रालय ने कंपनी से यह जवाब दाखिल करने को कहा है कि क्या कंपनी या उससे संबंधित अनुषंगी इकाई पहले फेसबुक डाटा का प्रयोग ‘भारतीय चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित’ करने के लिए किया है या नहीं।