लद्दाख में चीन के साथ जारी विवाद के बीच मोदी सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में कई राजनीतिक दलों के नेता शामिल होंगे। यह बैठक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के द्वारा चीन के साथ विवाद पर लोकसभा में दिए गए बयान के बाद हो रही है।
लोकसभा में राजनाथ सिंह ने अपने बयान में कहा था कि लद्दाख में स्थिति गंभीर है और चीन एलएसी की मौजूदा स्थिति को बदलने की कोशिश कर रहा है। राजनाथ सिंह ने अप्रैल से अब तक की सभी जानकारी देते हुए कहा कि हम इस विवाद को बातचीत से सुलझाना चाहते हैं, लेकिन अगर परिस्थिति बदली तो भारतीय सेना तैयार है।
चीन मसले पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस और पूरा विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। राहुल हर रोज ट्विटर के जरिए सरकार पर चीन विवाद पर गुमराह करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर डरने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, बुधवार को भी राहुल ने सरकार के अलग-अलग बयान दिए जाने का दावा किया। बुधवार को राज्यसभा में गृह मंत्रालय ने एक जवाब में कहा कि पिछले छह महीने में चीन सीमा पर किसी तरह की घुसपैठ नहीं हुई है। जिस पर राहुल गांधी ने सवाल खड़े किए।