तेलंगाना के मेडक जिले में एक व्यक्ति की कथित तौर पर लोगों के एक समूह ने पिटाई कर दी। मामला उस वक्त का है, जब गैस सिलेंडर डिलिवरी करने वाले व्यक्ति और एक अन्य के बीच कहासुनी हो गई और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक भीड़ कथित तौर पर एक व्यक्ति की पिटाई कर रही है। उसे बचाने के लिए उसकी मां और गर्भवती बहन लोगों से मिन्नतें कर रही हैं। आसपास के लोग भी उसे नहीं पीटने का अनुरोध कर रहे हैं और उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि खाली सिलेंडर लौटाने को लेकर गैस डिलीवरी करने वाले और दूसरे व्यक्ति के बीच कहासुनी हो गई थी। मामला सात मई का है, जब गैस सिलेंडर डिलिवरी करने वाला व्यक्ति पीड़ित के घर पर एलपीजी सिलेंडर देने पहुंचा। बाद में उसने खाली सिलेंडर वापस करने के लिए कहा, लेकिन उससे दो-तीन बाद आने के लिए कहा गया। इसी मामले को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। इसके बाद दोनों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गैस सिलेंडर डिलिवरी करने वाले व्यक्ति को जूते से मारने लगा। बाद में गैस सिलेंडर डिलीवरी करने वाले ने कुछ लोगों को घटना के बारे में बताया।
पुलिस ने बताया कि फिर कई लोग उस व्यक्ति के घर गए और उसे घसीट कर बाहर ले आए। इसके बाद उन्होंने उसकी पिटाई शुरू कर दी। फिर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तितर-बितर कर दिया। इसके बाद गैस सिलेंडर डिलीवरी करने वाले व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उस व्यक्ति ने उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि इसी तरह भीड़ के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया और एक पार्षद सहित उनमें से 11 को नोटिस जारी किए गए। इस बीच गिरफ्तार व्यक्ति की बहन ने 14 मई को एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन बाद में बच्चे की मौत हो गई। कुछ लोग इसकी मौत को हमले से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने कहा कि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हम जांच कर रहे हैं।