मुंबई में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने उन लोगों की पत्नियों को टिकट दिया जिन्होंने करन जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल का जमकर विरोध किया था और इसी मामले में गिरफ्तार भी हुए थे। गौरतलब है कि जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल में पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान ने भी अहम भूमिका निभाई थी। राज ठाकरे की पार्टी इसी बात का विरोध कर रही थी।
दिवाली पर रिलीज हुई ऐ दिल है मुश्किल के विरोध में मुंबई के मेट्रो सिनेमा में घुसने की कोशिश करने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। अब राज ठाकरे ने अपने कार्यकर्ताओं को इनाम देते हुए दो कार्यकर्ताओं की पत्नियों को बीएमसी चुनाव में पार्टी की ओर से टिकट दिया है।
प्रीति गवहाने मनसे के डिविजनल प्रेसिडेंट शेखर गवहाने की पत्नी हैं। ये चंदनवाडी के धोबी तालाव के वार्ड नंबर 222 से चुनाव लड़ रही हैं। शेखर गवहाने को 12 अन्य मनसे कार्यकर्ताओं के साथ अक्टूबर महीने में गिरफ्तार किया गया था।
वैशाली मनसे कार्यकर्ता सचिन गंगवाने की पत्नी हैं, इन्हें भी मेट्रो सिनेमा में घुसने की कोशिश में उस वक्त गिरफ्तार कियाग या था। ये दोनों सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। बीएमसी के चुनाव 21 फरवरी को होंगे।
आपको बता दें कि पिछले साल 19 अक्टूबर को 12 मनसे कार्यकर्ताओं ने दक्षिण मुंबई के मेट्रो सिनेमा में घुसने की कोशिश की थी। फिल्म ऐ दिल है मुश्किल के प्रदर्शन पर रोक लगाने को लेकरप्रदर्शन कर रहे मनसे के इन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।