राजस्थान में भाजपा की महिला विधायक अनीता सिंह गुर्जर की एक ऑडियो क्लिप इन दिनों खूब वायरल हो रही है। ऑडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि वह बीडीओ होतीलाल जांगिड़ को धमका रही हैं। हालांकि, इस क्लिप पर अनीता सिंह का कहना है यह फर्जी ऑडियो है।
इतना ही नहीं, इस क्लिप में वह यह भी कह रही हैं कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। आपको बता दें कि अनीता सिंह गुर्जर भरतपुर की नगर सीट से बीजेपी की विधायक हैं।
इस क्लिप में विधायक अनीता सिंह फोन पर बीडीओ को धमकाती हुई कह रही हैं कि बीडीओ का चार्ज लेने के बाद मुझसे मिलने क्यों नहीं आया? मेरे आदमी विजय जैन को रिलीव क्यों किया?
इतना ही नहीं, अनीता बीडीओ को ये भी कह रही हैं कि हम भी सरकार हैं और हमारे पास भी आना पड़ेगा। ऐसा न करने पर गत बिगाड़ने की भी धमकी देती हैं। वह यह भी कह रही हैं कि सीएम से मिलकर ऐसी जगह ट्रांसफर कराउंगी कि तू याद रखेगा।