इंडिया ब्लॉक में शामिल ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने कांग्रेस को सियासी तौर पर ठेंगा दिखाते हुए एलान किया कि पार्टी अकेले ही पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। वहीं, कांग्रेस के लिए तमिलनाडु से राहत की खबर सामने आई है। सीएम स्टालिन का बयान एक तरह से कांग्रेस के लिए बड़ा आश्वासन कहा जा सकता है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपने सहयोगी दलों के साथ जल्द ही सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू करेगी। इसके लिए द्रमुक की ओर से एक समिति का गठन किया जाएगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री स्टालिन ने यह बात चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कही। सीट बंटवारे की प्रक्रिया को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, 'हम जल्द ही बातचीत के लिए समिति का गठन करेंगे।' गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को एलान किया कि चुनावी राज्य बंगाल में टीएमसी अकेले ही चुनाव लड़ेगी।
राजनीतिक विरोधियों से लेकर केंद्रीय बजट पर क्या बोले स्टालिन?
राजनीतिक विरोधियों को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि वह किसी को भी राजनीतिक दुश्मन नहीं मानते। उन्होंने कहा, 'मैं किसी को शत्रु नहीं मानता, मैं सभी को दोस्त के तौर पर देखता हूं।'
केंद्र सरकार के 2026-27 के केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने इसे निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि पहले भी इस बारे में अपनी बात रख चुके हैं और इस बजट से किसी बदलाव की उम्मीद थी, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट से लोगों को कोई राहत नहीं मिली।
भाजपा को सबक सिखाएगी जनता :सीएम स्टालिन
चुनावी वर्ष में अपने मुख्य संदेश को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता इसका जवाब देगी और भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री स्टालिन ने अपने कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में चेन्नई महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा 11.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला भवन का उद्घाटन किया। इस भवन में रक्त शुद्धिकरण इकाई के साथ फिजियोथेरेपी केंद्र, कृत्रिम अंग केंद्र, डायलिसिस केंद्र और मरीजों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने इसी परिसर में छह राशन दुकानों का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा कोलाथुर झील के पास विकसित एक पार्क का उद्घाटन किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों के लिए मनोरंजन की सुविधाएं हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों को लैपटॉप और पुस्तकें भी वितरित कीं।