नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा है कि मिजोरम में अगले महीने होने वाले विधानसबा चुनावों में उनकी पार्टी अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने दावा किया कि सत्तारुढ़ कांग्रेस का एक विधायक बीती रात एनपीपी में शामिल हो गया है। इसके अलावा कई अन्य नेताओं ने भी एनपीपी के टिकट पर चुनाव लड़ने में दिलचस्पी जताई है।
ध्यान रहे कि एनपीपी भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र की एनडीए सरकार और पूर्वोत्तर के क्षेत्रीय दलों को लेकर गठित न\र्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस (नेडा) में शामिल है। पार्टी मेघालय में सत्तारुढ़ पीपुल्स डेमोक्रेटिक एलायंस (पीडीए) की प्रमुख घटक है। वह नागालैंड व मणिपुर में भी सत्तारुढ़ गठबंधन में शामिल है।
संगमा ने भरोसा जताया कि विधानसभा चुनावों के बाद एनपीपी एक प्रमुख पार्टी के तौर पर उभरेगी और सरकार के गठन में उसकी भूमिका अहम होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्दी ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। संगमा का कहना है कि पार्टी यहां विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोग दस साल से सत्ता चला रही कांग्रेस के भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार से आजिज आ चुके हैं।