भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने वनडे में सर्वाधिक 6 हजार रन बनाकर रिकार्ड कायम किया है। बात जब मिताली के रिकार्ड की हो रही है तो उनसे जुड़े किस्सों की भी होना लाजमी है।
एक पत्रकार ने जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज से पुरुष क्रिकेटरों को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने उसका कमाल का जवाब दिया। दरअसल, पत्रकार ने मिताली से पूछा था कि आपका पसंदीदा पुरुष क्रिकेटर कौन है, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि कहा क्या आप यही सवाल किसी पुरुष क्रिकेटर से पूछेंगे। क्या आप उनसे पूछेंगे कि उनकी पसंदीदा महिला क्रिकेटर कौन है।
इतना ही नहीं मिताली ने कहा कि अक्सर हमसे यही सवाल किया जाता है, जबकि मुझसे यह पूछा जाना चाहिए कि आपका पसंदीदा महिला क्रिकेटर कौन है। मिताली के इस जवाब ने तब मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरी और पुरूष क्रिकेटरों के भी खूब बयान मीडिया में आए।
आपको बता दें कि मिताली राज ने कुछ समय पहले यह बात बेंगलुरू में आयोजित एक कार्यक्रम में कही थी। साथ ही उन्होंने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए बीसीसीआई की ओर से की जा रही कोशिशों की तारीफ भी की।
उन्होंने कहा कि पहले महिला क्रिकेट मैचों का प्रसारण टीवी पर नहीं होता था, इसलिए महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को ज्यादा तवज्जो नहीं मिलती थी। बहरहाल, मिताली ने कहा कि पुरुष क्रिकेटरों ने कुछ मानदंड तय कर रखे हैं, जहां महिला क्रिकेटरों को पहुंचना है। मेरी कोशिश हमेशा से रहती है कि हम भी उस स्तर तक पहुंचे सकें और हमारा क्रिकेट भी उसी स्तर तक पहुंचे।