फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mission Recruitment: दीपावली पर पीएम मोदी देंगे हजारों अभ्यर्थियों को 'खास' तोहफा, तैयारियों में जुटी सरकार

सार

Mission Recruitment: मोदी सरकार ने जून में यह घोषणा की थी कि केंद्रीय विभागों में 10 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी। यह भर्ती मिशन मोड में होगी। खास बात है कि पीएमओ ने अपने जानकारी में कहा था कि ये नौकरियां, डेढ़ साल की अवधि में मिलेंगी...
विज्ञापन
Mission Recruitment - फोटो : Amar Ujala/Sonu Kumar
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में हजारों नियुक्तियां प्रदान करेंगे। मिशन मोड के अंतर्गत 22 अक्तूबर को होने वाले इस मेगा इवेंट की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हजारों ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने सभी तरह की औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं, उन्हें ईमेल के जरिए नियुक्ति पत्र भेजा जा रहा है। सभी अभ्यर्थी अपने सीसीए मुख्यालय में एकत्रित होंगे। वहां पर उनकी ज्वाइनिंग प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। संबंधित विभाग के मुख्यालय और जोन में भी अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। पीएम मोदी, दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में सभी चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग का तोहफा प्रदान करेंगे।

चयन के बावजूद कई जगहों पर नहीं मिली ज्वाइनिंग

अमर उजाला डॉट कॉम ने 13 अक्तूबर को 'SSC-CGL Recruitment: CBIC व CBDT में भर्ती प्रक्रिया के बाद भी नहीं मिल रही नियुक्ति, मायूस हुए अभ्यर्थी' शीर्षक से खबर छापी थी। इसमें उन अभ्यर्थियों की बात उठाई गई थी जो कर्मचारी चयन आयोग 'एसएससी' द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक परीक्षा 'सीजीएल' 2019 की सभी औपचारिकताएं पूरी कर चुके हैं, लेकिन उन्हें ज्वाइनिंग नहीं मिल रही। सीबीआईसी व सीबीडीटी के अभ्यर्थियों का कहना था कि उनका इंस्पेक्टर एवं कर सहायक के पद पर चयन हुआ है। कई जगह पर ज्वाइनिंग मिल चुकी है। दिल्ली सहित कुछ जोन में यह प्रक्रिया अभी अधर में लटकी है। डीओपीटी और संबंधित विभाग से उन्हें टालमटोल वाला जवाब मिल रहा था। अप्रैल 2022 को एसएससी सीजीएल परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी किया गया। सात हजार से अधिक परिवारों में खुशियों की लहर दौड़ गई। अभ्यर्थियों को दीवाली से पहले नियुक्ति मिलने की उम्मीद थी। लगभग तीन हजार पदों पर ज्वाइनिंग दे दी गई।

सितंबर तक दिया था ज्वाइनिंग का भरोसा

केंद्र सरकार में असिस्टेंट सेक्शन अफसर, असिस्टेंट अकाउंट अफसर, असिस्टेंट ऑडिट अफसर व जूनियर स्टेटिस्टिक्ल अफसर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को एक-दो माह पहले ही नियुक्ति मिल चुकी है। जिन अभ्यर्थियों को अभी ज्वाइनिंग नहीं मिली है, उनमें ग्रुप सी के सीजीडीए ऑडिटर, डिवीजनल अकाउंटेंट, सीबीआईसी व सीबीडीटी में इंस्पेक्टर/कर सहायक, प्रीवेंटिव अफसर व एग्जामिनर सीबीआईसी शामिल हैं। सीबीआईसी के मुंबई, गोवा व जयपुर में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो गई है। वहां अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग मिल चुकी है। 10 सितंबर 2022 तक इन अभ्यर्थियों की मेडिकल सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इन्हें 25 सितंबर तक नियुक्ति पत्र जारी करने का भरोसा दिलाया गया था।

मिशन मोड में 10 लाख पदों पर भर्ती की घोषणा

मोदी सरकार ने जून में यह घोषणा की थी कि केंद्रीय विभागों में 10 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी। यह भर्ती मिशन मोड में होगी। खास बात है कि पीएमओ ने अपने जानकारी में कहा था कि ये नौकरियां, डेढ़ साल की अवधि में मिलेंगी। पीएमओ के ट्वीट में कहा गया था, 'पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी मंत्रालयों एवं विभागों में मानव संसाधन की समीक्षा की है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार को आदेश दिया है कि अगले डेढ़ सालों में इस पर मिशन मोड में काम किया जाए और 10 लाख लोगों को भर्ती किया जाए।' इसके बाद कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि दीपावली पर जो नियुक्ति पत्र मिलेंगे, उनमें कई भर्तियां ऐसी हैं, जो 2018 या 2019 में निकली थीं, उनकी भर्ती प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है। अभ्यर्थियों का मेडिकल हो चुका है, अब उन्हें नियुक्ति पत्र और ज्वाइनिंग मिलने का इंतजार है।

पीएम के कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह

डीओपीटी द्वारा सभी मंत्रालयों और विभागों को सूचित किया गया है कि वे 22 अक्तूबर को 'मिशन मोड' की तैयारी करें। उन केंद्रों, जोन व सर्कल की पहचान करें, जहां पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्तियां दी जानी हैं। ऐसे सभी उम्मीदवार जिन्हें नियुक्ति मिलनी है, वे पीएम मोदी के मेगा कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। सीबीआईसी द्वारा जारी पत्र में लिखा गया है कि इस मेगा इवेंट में नव चयनित उम्मीदवार, 2018 के बाद चयनित हुए और सीजीएलई 2019 के अभ्यर्थी शामिल हों। इसके लिए सीसीए द्वारा डीजीएचआरडी के साथ डेटा शेयर किया गया है। सभी सीसीए से कहा गया है कि वे उन अभ्यर्थियों को सूचना दे दें, जिनके ज्वाइनिंग लैटर तैयार हैं। वे 22 अक्तूबर को संबंधित सीसीए मुख्यालय में आकर अपना नियुक्ति पत्र ले सकते हैं। 2018 एवं 2019 के ऐसे उम्मीदवार, जिन्हें पहले ही नियुक्ति पत्र मिल चुका है, वे भी अपने जोनल मुख्यालय के जरिए पीएम के कार्यक्रम में शामिल हों।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें