करीब तीन दशक बाद भारत में मिस वर्ल्ड प्रतियोिगता होने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता का यह 71वां संस्करण होगा, जो 18 फरवरी से 9 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। नई दिल्ली में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये वर्तमान मिस वर्ल्ड पोलैंड की कैरोलिना बिलावस्का, पूर्व विजेता टोनी एन सिंह (जमैका) ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 20 फरवरी को भारत पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) करेगा। प्रतिस्पर्धा इंडिया वेलकम द वर्ल्ड गाला के साथ शुरू होगी और इसका ग्रैंड फिनाले 9 मार्च को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। दुनिया भर में इसकी स्ट्रीमिंग और प्रसारण किया जाएगा। प्रतियोगिता नई दिल्ली में भारत मंडपम समेत विभिन्न स्थानों पर आयोजित की जाएगी। इसमें दुनिया भर के देशों के 120 प्रतियोगी भाग लेंगे।