कर्नाटक के मेंगलुरु के बाहरी इलाके कटिप्पल्ला में शनिवार को अल्पसंख्यक वर्ग के एक युवक की हत्या के बाद से तनाव कायम है। इसे देखते हुए शहर के चार थाना क्षेत्रों में लगाई गई धारा 144 दो दिन बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
मृतक की पहचान जलील के रूप में हुई थी। वह जब अपनी दुकान के सामने खड़ा था, तब उसे दो अज्ञात हमलावरों ने चाकू घोंपकर मार डाला था। मेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर शशि कुमार ने इसके बाद शहर के चार थाना क्षेत्रों सूरतकल, बाजपे, कावूर और पानमबुर में धारा 144 लागू की थी। पहले यह 25 दिसंबर को सुबह 6 बजे से 27 दिसंबर को सुबह 6 बजे तक लगाई गई थी। आज इसकी मियाद दो दिन बढ़ाकर 29 दिसंबर की सुबह तक कर दी गई।
29 दिसंबर तक यह रहेगा प्रतिबंधित
मेंगलुरु पुलिस ने निषेधाज्ञा की मियाद बढ़ाते हुए कहा कि इस अवधि के दौरान पांच या अधिक व्यक्तियों के जमावड़े, जनसभाओं, जत्थों, जुलूसों और हथियारों, विस्फोटकों और पटाखे ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
भड़काऊ नारे लगाने और विभिन्न वर्गों के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों पर भी रोक रहेगी।
विज्ञापन
तीन आरोपी गिरफ्तार
जलील की हत्या के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो संदिग्ध हमलावर हैं। बेलगावी में कर्नाटक विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सोमवार को यह घटना चर्चा में आई थी, जहां विपक्षी नेताओं ने सांप्रदायिक हत्याओं के बढ़ते मामलों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा को घेरने की कोशिश की थी।
बेंगलुरु : महिला ने बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से छलांग लगाकर दी जान
एक 40 वर्षीय महिला करिश्मा सिंह ने रविवार दोपहर करीब एक बजे बेंगलुरु शहर के तलाघट्टापुरा क्षेत्र स्थित पूर्वा हाईलैंड अपार्टमेंट की 19वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। वह अवसाद की शिकार थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दिया है।