एजेंसी / नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भगवा वस्त्रों के कारण उनके बारे में ‘गलतफहमी’ पैदा की गई है। योगी ने दावा किया कि वह यूपी में खुशहाली और समृद्धि लाकर समाज के ‘सभी तबकों’ का दिल जीतेंगे। उन्होंने कहा, ‘जो लोग सेक्युलरिज्म के नाम पर भारत की परंपराओं और संस्कृति का अपमान और तुष्टिकरण करते रहे हैं, मेरे सत्ता संभालने के बाद उन्हें डर का अहसास होने लगा है।’ सीएम योगी ने ये बातें संघ के मुखपत्र ‘आर्गेनाइजर’ को दिए एक साक्षात्कार में कही हैं।
उन्होंने कहा, मेरे बारे में कई गलतफहमियां पैदा की गई हैं। कई लोगों का कहना है कि भगवा धारी हूं, तो देश में कई लोग ऐसे भी हैं जो भगवा के खिलाफ हैं।’ कट्टर हिंदूवादी छवि वाले योगी ने कहा, हम अपने काम करने के तरीकों से समाज के सभी तबकों का दिल जीतेंगे। हम खुशहाली और समृद्धि के नए मुहावरे गढ़ेंगे। ‘सत्ता हमारे लिए मौज-मस्ती नहीं है। हम राजनीति में किसी प्रतिष्ठित पद या हैसियत के लिए नहीं आए हैं।’
अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा उनकी सरकार का मुख्य धर्म होगा। यह मानवता का केंद्र बिंदु है। यूपी में हम भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देंगे और समाज को गुंडाराज से मुक्त करेंगे।’ उन्होंने कहा कि लोगों को अगले दो माह में बदलाव नजर आने लगेगा।