पाकिस्तान से भड़काऊ पोस्टों की वजह से कश्मीर घाटी में इंटरनेट पर पाबंदी
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि कश्मीर घाटी में युवाओं को भड़काने के मकसद से पाकिस्तान की ओर से सोशल मीडिया पर डाले जा रहे भारत विरोधी भड़काऊ पोस्टों को रोकने के लिए जम्मू कश्मीर में इंटरनेट पर प्रतिबंध लगाया गया है। जम्मू कश्मीर में पांच अगस्त से इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
रेड्डी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, 'घाटी के युवाओं को उकसाने तथा आतंकवादियों एवं आतंकवाद को महिमामंडित करने के मकसद से सीमापार से सोशल मीडिया पर डाले जा रहे भारत विरोधी भड़काऊ पोस्टों के मद्देनजर इंटरनेट पर कुछ पाबंदियां लागू की गयी हैं। जम्मू कश्मीर सरकार ने जानकारी दी है कि घाटी में सभी आवश्यक सेवाएं सामान्य तरीके से चल रही हैं।'