केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों को प्रदान किए जाने वाले वीरता पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। मंत्रालय ने इसे लेकर विजेताओं की सूची भी जारी की है। इसके अनुसार कुल 215 कर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक के लिए चयनित किया गया है। 80 लोगों को विशेष सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना गया है। वहीं, 631 लोगों को मेधावी सेवा के लिए पदक के लिए चुना गया है।
इन पुरस्कारों की सूची में पहला स्थान जम्मू-कश्मीर पुलिस को मिला है, जिसके खाते में 81 मेडल गए हैं। दूसरे स्थान पर 55 मेडल के साथ सीआरपीएफ है तो तीसरे स्थान पर 23 मेडल के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस है। आंध्र प्रदेश पुलिस को 16, असम पुलिस को 21, अरुणाचल प्रदेश पुलिस को चार, छत्तीसगढ़ पुलिस को 14, गुजरात पुलिस को 19, हिमाचल प्रदेश पुलिस को चार, झारखंड पुलिस को 24, कर्नाटक पुलिस को 18 और गोवा पुलिस को एक मेडल मिला है।