व्यय विभाग में अधिकारी और कार्मिक, तीन साल में एक बार ब्रीफकेस, ऑफिस बैग व लेडीज पर्स खरीद सकेंगे। व्यय विभाग के अनुसार, सचिव/विशेष सचिव या उसके समकक्ष (स्तर 17) के अंतर्गत आने वाले ऑफिसर/ऑफिशियल, मौजूदा समय में 10,000 रुपये तक की कीमत का ब्रीफकेस, ऑफिस बैग या लेडीज पर्स खरीद सकते हैं। वित्त मंत्रालय ने अब इस राशि में इजाफा कर दिया है। खरीद की जो नई सीमा तय की गई है, वह जीएसटी सहित 12500 रुपये कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को यह सुविधा तीन साल में एक बार मिलती है। अपर सचिव और उसके समकक्ष (स्तर 15-16) के तहत आने वाले अधिकारियों को मौजूदा समय में ब्रीफकेस, ऑफिस बैग या लेडीज पर्स की खरीद के लिए आठ हजार रुपये मिलते थे। अब इस खरीद सीमा को बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया गया है। ब्रीफकेस, ऑफिस बैग व लेडिज पर्स, यह सुविधा भी तीन वर्ष में एक बार ही मिलेगी।
संयुक्त सचिव या उसके समकक्ष (स्तर 14) के अंतर्गत आने वाले अधिकारी, 6500 रुपये की कीमत तक का ब्रीफकेस, ऑफिस बैग या लेडीज पर्स खरीद सकते हैं। अब इस सीमा को बढ़ाकर 8,125 रुपये कर दिया गया है। निदेशक/उप सचिव/वरिष्ठ पीपीएस (स्तर-13) को ब्रीफकेस, ऑफिस बैग या लेडीज पर्स खरीदने के लिए 5000 रुपये मिलते थे। अब वह राशि 6250 रुपये कर दी गई है। अवर सचिव/पीपीएस या उसके समकक्ष पद पर काम करने वालों को ब्रीफकेस, ऑफिस बैग या लेडीज पर्स की खरीद के लिए 4000 रुपये मिलते थे, अब यह सीमा 5000 रुपये कर दी गई है। अनुभाग अधिकारी/पीएस व उसके समकक्ष (स्तर 8-10) वालों को ब्रीफकेस, ऑफिस बैग या लेडीज पर्स खरीद के लिए 4000 रुपये मिलते हैं। अब उसमें 1000 रुपये का इजाफा किया गया है। यानी खरीद सीमा, अब 5,000 रुपये तय की गई है।
सहायक अनुभाग अधिकारी/पीए या उसके समकक्ष (स्तर 7) वाले अधिकारी/कर्मचारी, 3,500 रुपये की कीमत तक का ब्रीफकेस, ऑफिस बैग या लेडीज पर्स खरीद सकते हैं। अब इस सीमा को बढ़ाकर 4,375 रुपये कर दिया गया है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने एक मई को यह आदेश जारी किया है। यह आदेश, व्यय विभाग के सभी योग्य कार्मिकों/अधिकारियों पर लागू होगा। ब्रीफकेस/ आफिस बैग/ लेडीज पर्स खरीदने की राशि में जो बढ़ोतरी हुई है, वह एक मई से लागू कर दी गई है। अधिकारी/कर्मचारी, ब्रीफकेस/ऑफिस बैग/लेडीज पर्स स्वयं खरीद सकते हैं। उन्हें खरीद की प्रमाणित मूल प्रति, विभाग की सामान्य प्रशासन शाखा को भेजनी होगी। उसमें यह बात बतानी होगी कि उसने ब्रीफकेस/ऑफिस बैग/लेडीज पर्स खरीद लिया है। लिहाजा अब इसकी प्रतिपूर्ति की जाए।