भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि दोकलम की यथास्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बता दें कि दोकलाम में ही पिछले साल करीब दो महीने तक भारत और चीन के सैनिकों के बीच गतिरोध की स्थिति बन गई थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने इस तरह की धारणाओं को खारिज करते हुए कहा कि हमारा ध्यान कुछ खबरों की ओर गया है जो दोकलाम में हालात के संबंध में सरकार की ओर से बताई गयी स्थिति की सटीकता पर सवाल खड़ा करती हैं।
उन्होंने कहा कि गतिरोध वाली जगह पर यथास्थिति में किसी तरह के बदलाव के बारे में बार-बार पूछे गए सवालों के जवाब में सरकार कह चुकी है कि इस तरह के आरोपों का कोई आधार नहीं है।
कुमार ने कहा कि सरकार एक बार फिर दोहराती है कि गतिरोध स्थल पर यथास्थिति में बदलाव नहीं किया गया है। इसके विपरीत कोई भी धारणा गलत और शरारतपूर्ण है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का बयान उन खबरों के संदर्भ में आया जिनमें इस विवादित क्षेत्र में चीन की बढ़ती गतिविधियों की बात कही जा रही है।