रक्षा मंत्रालय ब्राजील के साथ हुए तीन एम्ब्रेयर बोइंग विमानों के सौदे में दलाली का पता लगाने में जुट गया है। अभी मंत्रालय की योजना अपने स्तर से जानकारी हासिल करने की है और इसमें गड़बड़ी पाये जाने पर रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर सीबीआई से इसकी जांच का आग्रह कर सकते हैं।
रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर ने इसी क्रम में डीआरडीओ प्रमुख एस क्रिस्टोफर को मंत्रालय में बुलाकर उनसे जानकारी मांगी थी। रक्षा मंत्रालय के सूत्र बताते हैं कि क्रिस्टोफर ने रक्षा मंत्री को विमान सौदे के बारे में उपलब्ध ताजा जानकारी से अवगत कराया।
क्रिस्टोफर ने 2008 में हुए अरली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (अवाक्स) के रेडार सहित तीन विमानों के सौदे, इसकी निविदा, शर्तों समेत अन्य जानकारियों से रक्षा मंत्री को अवगत कराया। डीआरडीओ प्रमुख ने रक्षा मंत्री को जानकारी दी कि उन्होंने ब्राजील प्राधिकरण को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में ब्राजील से सौदे तथा इसकी बिचौलियागिरी से जुड़े तथ्यों की मांग की है। डीआरडीओ प्रमुख ने जांच में मिली जानकारियों, संदेह के कारण तथा अन्य तथ्यों को मांगा है।
गौरतलब है कि डीआरडीओ ने अवाक्स विमानों के उद्देश्य से इस सौदा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया था। यह सौदा 2008 में हुआ था और ब्राजील की फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टीगेशन ने इसमें बिचौलियागिरी(दलाली) लिए और दिए जाने के सबूत पाए हैं। इसे लेकर भारत में साऊथ ब्लाक का पारा चढ़ा है।